सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए गुड न्यूज! हर हफ्ते मिलेंगे नियुक्ति पत्र
उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए राज्य सरकार ने बड़ा तोहफा दिया है। राजधानी लखनऊ में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आने वाले अगले छह महीनों के भीतर प्रदेश के करीब 1 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने युवाओं को आश्वस्त किया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संचालित होगी और प्रदेश भर के विभिन्न विभागों में चयनित अभ्यर्थियों को हर सप्ताह चरणबद्ध तरीके से नियुक्ति पत्र बांटे जाएंगे।
कृषि विभाग के 3572 नवनियुक्त युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र
राजधानी लखनऊ स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित विशेष समारोह के दौरान सीएम योगी ने कृषि विभाग में नवचयनित 3572 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। मंच से अभ्यर्थियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को बिना किसी भेदभाव और भ्रष्टाचार-मुक्त माहौल में रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने चयनित युवाओं को बधाई देते हुए उनसे पूरी निष्ठा के साथ प्रदेश के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
हर हफ्ते जारी होंगे नियुक्ति पत्र, तैयारी में जुटे युवाओं में नया उत्साह
मुख्यमंत्री की इस घोषणा के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे प्रदेश के युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। सरकार के नए रोडमैप के तहत अलग-अलग विभागों में रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाएगी और हर सप्ताह चयनित युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। ऐसे में पुलिस, शिक्षा, कृषि, स्वास्थ्य और राजस्व समेत कई प्रमुख विभागों में नई भर्तियों के नोटिफिकेशन जारी होने की संभावना बढ़ गई है, जिस पर अब लाखों अभ्यर्थियों की नजरें टिकी हुई हैं।