डाक विभाग में 8वीं पास और ITI वालों के लिए निकली सरकारी भर्ती, 63,200 रुपये तक मिलेगी सैलरी; ऐसे करें आवेदन

डाक विभाग में 8वीं पास और ITI वालों के लिए निकली सरकारी भर्ती, 63,200 रुपये तक मिलेगी सैलरी; ऐसे करें आवेदन

सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए डाक विभाग (इंडिया पोस्ट) में सीधी भर्ती का सुनहरा मौका सामने आया है। विभाग के मेल मोटर सर्विसेज (MMS), कोलकाता डिवीजन ने कुशल कारीगर यानी स्किल्ड आर्टिजन के 19 रिक्त पदों पर आधिकारिक भर्ती अधिसूचना जारी की है। इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि आईटीआई (ITI) डिप्लोमा धारकों के अलावा निर्धारित ट्रेड में एक साल का व्यावहारिक अनुभव रखने वाले 8वीं पास अभ्यर्थी भी इसके लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं। तकनीकी पृष्ठभूमि वाले युवाओं के लिए यह केंद्र सरकार के अंतर्गत नियमित सेवा में आने का एक बेहतरीन अवसर बनकर आया है।

जारी किए गए आधिकारिक रोस्टर के अनुसार कुल 19 पदों पर तकनीकी विशेषज्ञों की बहाली की जाएगी। इनमें मोटर व्हीकल मैकेनिक (MV Mechanic), मोटर व्हीकल इलेक्ट्रिशियन (MV Electrician), टायरमैन, ब्लैकस्मिथ (लोहार), पेंटर, अपहोल्स्टरर और कारपेंटर एवं जॉइनर जैसे विभिन्न ट्रेड्स शामिल हैं। इन पदों पर चयनित होने वाले कर्मचारियों को लेवल-2 पे-मैट्रिक्स के तहत 19,900 रुपये से लेकर 63,200 रुपये प्रतिमाह का मूल वेतन मिलेगा। इसके अतिरिक्त केंद्रीय कर्मचारियों को मिलने वाले सभी भत्ते जैसे महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA) और परिवहन भत्ता भी देय होंगे।

न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 30 वर्ष तय की गई है आयु 

इस भर्ती में शामिल होने के लिए उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष तय की गई है। सरकारी नियमों के मुताबिक आरक्षित वर्ग (ओबीसी, एससी, एसटी) के अभ्यर्थियों को ऊपरी आयु सीमा में उचित छूट प्रदान की जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को ध्यान रखना होगा कि इसके लिए कोई ऑनलाइन पोर्टल नहीं खोला गया है, बल्कि प्रक्रिया पूरी तरह ऑफलाइन रखी गई है। उम्मीदवारों को अपने विधिवत भरे हुए आवेदन पत्र के साथ सभी शैक्षणिक व तकनीकी प्रमाण पत्रों की स्व-प्रमाणित प्रतियां संलग्न करके स्पीड पोस्ट या पंजीकृत डाक के माध्यम से मेल मोटर सर्विसेज, कोलकाता के पते पर भेजनी होंगी। फॉर्म पहुंचने की आखिरी तारीख 30 नवंबर 2026 को शाम 5 बजे तक तय है। भर्ती की विस्तृत शर्तें और एप्लीकेशन फॉर्मेट डाउनलोड करने के लिए अभ्यर्थी विभाग की आधिकारिक वेबसाइट indiapost.gov.in पर विजिट कर सकते हैं।