NEET री-टेस्ट के नतीजों से दुखी 19 वर्षीय छात्रा ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में छलका दर्द

NEET री-टेस्ट के नतीजों से दुखी 19 वर्षीय छात्रा ने की खुदकुशी, सुसाइड नोट में छलका दर्द

महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले के कर्जत तालुका स्थित जलालपुर गांव से एक बेहद दर्दनाक और दुखद खबर सामने आई है। नीट (NEET) परीक्षा के नतीजों और री-टेस्ट में अपेक्षित अंक न मिलने से निराश होकर 19 वर्षीय मेडिकल छात्रा अंकिता सांगले ने शनिवार को अपने घर के स्टडी रूम में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने मामले में आकस्मिक मृत्यु (Accidental Death) का केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

सुसाइड नोट में NEET स्कोर का जिक्र, परिवार ने बताया मानसिक तनाव

कर्जत पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें अंकिता ने NEET री-टेस्ट में आए 166 अंकों को लेकर अपनी भारी निराशा और मानसिक तनाव व्यक्त किया था।

अंकिता के परिजनों ने बताया कि पेपर लीक विवाद के कारण दोबारा आयोजित हुई परीक्षा (Re-test) से पहले वाली परीक्षा में अंकिता का प्रदर्शन काफी अच्छा था। हालांकि, दोबारा परीक्षा देने के बाद जब उसका स्कोर कम हुआ, तो वह गंभीर डिप्रेशन में चली गई। घटना के वक्त वह अपने कमरे में अकेली पढ़ाई कर रही थी। काफी देर तक जब दरवाजा नहीं खुला, तो परिजनों ने खिड़की-दरवाजे से देखा और अंकिता को फंदे से लटका पाया।

सांसद नीलेश लांके और रोहित पवार ने जताया दुख, सरकार पर सांधा निशाना

इस दिल दहला देने वाली घटना के बाद राजनीतिक हलचल भी तेज हो गई है। एनसीपी (एसपी) सांसद नीलेश लांके ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर सांत्वना दी और इस त्रासदी के लिए सरकार के कुप्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने नीट पेपर लीक में शामिल दोषियों पर गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज करने की मांग की।

Latest Posts