UPSSSC Recruitment 2026: यूपी में 412 पदों पर बंपर भर्ती, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

UPSSSC Recruitment 2026: यूपी में 412 पदों पर बंपर भर्ती, जानें योग्यता और चयन प्रक्रिया

उत्तर प्रदेश में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में जुटे ग्रेजुएट युवाओं के लिए सरकारी सेवा में जाने का शानदार मौका सामने आया है। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) ने युवा कल्याण एवं प्रांतीय रक्षक दल विभाग के अंतर्गत कुल 412 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती का आधिकारिक विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार, योग्य व इच्छुक अभ्यर्थी आगामी 16 अक्टूबर 2026 से आयोग के आधिकारिक पोर्टल पर जाकर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकेंगे। आवेदन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 6 नवंबर 2026 निर्धारित की गई है, जबकि फॉर्म में किसी भी प्रकार के संशोधन के लिए 13 नवंबर 2026 तक का समय मिलेगा।

इस भर्ती अभियान के जरिए कुल दो प्रमुख संवर्गों में नियुक्तियां की जाएंगी। इनमें क्षेत्रीय युवा कल्याण एवं प्रादेशिक विकास दल अधिकारी के 368 पद और व्यायाम प्रशिक्षक (व्यायाम ट्रेनर) के 44 पद शामिल हैं। शैक्षणिक अर्हता की बात करें तो क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी पद के लिए अभ्यर्थी का किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से स्नातक (ग्रेजुएशन) होना अनिवार्य है। वहीं, व्यायाम प्रशिक्षक के पद पर आवेदन करने के लिए स्नातक डिग्री के साथ-साथ डीपीएड (D.P.Ed.), बीपीएड (B.P.Ed.) या खेल विभाग द्वारा मान्यता प्राप्त समकक्ष डिग्री अथवा डिप्लोमा होना जरूरी है।

आयोग की नियमावली के अनुसार, इस भर्ती प्रक्रिया में केवल वही अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे जो UPSSSC पीईटी (PET 2025) परीक्षा में शामिल हुए थे और जिनका वैध स्कोरकार्ड जारी हो चुका है। भर्ती के पहले चरण में अभ्यर्थियों की मुख्य परीक्षा हेतु शॉर्टलिस्टिंग इसी पीईटी स्कोर के आधार पर की जाएगी। आयु सीमा की गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी, जिसके तहत न्यूनतम आयु 21 वर्ष और अधिकतम 40 वर्ष तय की गई है। उत्तर प्रदेश के मूल निवासी आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को शासन के नियमानुसार ऊपरी आयु सीमा में नियमानुसार छूट देय होगी। ऑनलाइन पंजीकरण के समय सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को केवल ₹25 प्रोसेसिंग शुल्क का भुगतान करना होगा।

चयन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने के लिए आयोग बहुस्तरीय परीक्षण व्यवस्था अपनाएगा। पीईटी स्कोर के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को मुख्य लिखित परीक्षा में बैठने का अवसर मिलेगा, जिसके बाद शारीरिक दक्षता एवं मानक परीक्षण (PET/PST) और अंतिम चरण में मूल अभिलेखों का सत्यापन (डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन) कराया जाएगा। लिखित परीक्षा की तिथि और पाठ्यक्रम का विस्तृत विवरण आयोग द्वारा जल्द ही अलग से अधिसूचित किया जाएगा। अभ्यर्थी आवेदन करने से पूर्व आयोग के पोर्टल upsssc.gov.in पर जाकर आधिकारिक विज्ञापन की सभी सेवा शर्तों का भली-भांति अध्ययन अवश्य कर लें।