इनोवा पर 10 राउंड फायरिंग और सड़क पर तड़पते रहे पूर्व सरपंच, लुधियाना में बदमाशों का कहर
पंजाब में बेखौफ अपराधियों और गैंगस्टरों ने शनिवार की शाम ताबड़तोड़ दो वारदातों को अंजाम देकर सनसनी फैला दी। लुधियाना के पॉश साउथ सिटी रोड पर बाइक सवार अज्ञात शूटरों ने मानेवाल गांव के 55 वर्षीय पूर्व सरपंच नवतेज सिंह उर्फ नीतू की कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। करीब 8 से 10 राउंड गोलियां दागने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं दूसरी ओर, अमृतसर में भी मशहूर पंजाबी सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और मेकअप आर्टिस्ट मड संधू की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी गई। एक ही दिन में हुई इन दो बड़ी घटनाओं ने राज्य सरकार के गैंगस्टर रोधी अभियान 'गैंगस्टरां ते वार' और सुरक्षा दावों पर कड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
लाधोवाल थाना क्षेत्र में हुई वारदात के संबंध में एसएचओ सुखविंदर सिंह ने बताया कि पूर्व सरपंच नवतेज सिंह शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे अपनी टोयोटा इनोवा कार से पैतृक गांव मानेवाल से कृष्णा नगर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान लाधोवाल क्षेत्र के साउथ सिटी मार्ग पर घात लगाए बैठे मोटरसाइकिल सवार दो शूटरों ने उनकी गाड़ी को निशाना बनाकर भारी गोलीबारी शुरू कर दी। लहूलुहान हालत में स्थानीय लोगों और परिजनों ने नवतेज सिंह को तुरंत दयानंद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (DMC) पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस परिजनों के बयानों और आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
इसी बीच शनिवार को ही अमृतसर के लोहारका रोड इलाके में शाम करीब छह बजे सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां लोकप्रिय पंजाबी इन्फ्लुएंसर व मेकअप आर्टिस्ट मड संधू की बाइक सवार दो हमलावरों ने कई राउंड गोलियां चलाकर जान ले ली। दो गोलियां लगने से संधू सड़क पर खून से लथपथ होकर गिर पड़े और मौके पर ही दम तोड़ दिया। वारदात के बाद सोशल मीडिया पर एक कथित पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से संधू की हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। पोस्ट में संधू पर युवा पीढ़ी को गुमराह करने वाले कंटेंट बनाने का आरोप लगाते हुए अन्य क्रिएटर्स और सहयोगियों को भी गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है, हालांकि पुलिस और साइबर सेल अभी इस वायरल दावे की तकनीकी पुष्टि करने में जुटी है।