कंगना को भारी पड़ा किसानों को खालिस्तानी कहना, दर्ज हुई FIR, इनकी भावनाओं को चोट पहुंचाने का आरोप

img

बेबाक बयानों की वजह से अक्सर विवादों में रहने वाली बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत एक बार फिर मुश्किल में पड़ गयी है। अब उनके खिलाफ मुंबई में मामला दर्ज कर लिया गया है। अभिनेत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और खालिस्तान पर ऐसा बयान दे दिया है जिसका अब देश भर में विरोध हो रहा है। पहले दिल्ली के सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने कंगना रनौत के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद अब इसी मामले में मुंबई की खार थाने में भी उनके खिलाफ मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस को दी गयी शिकायत में कहा गया कि कंगना का बयान अपमानजनक और तिरस्कारपूर्ण है। उनके इस बयान से दुनिया भर केसिख समुदाय की भावनाओं को चोट पहुंची है।

KANGNA RANAUT

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक्ट्रेस कंगना पर आरोप लगाया गया है कि उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में सिख समुदाय के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया था। एक्ट्रेस के खिलाफ ये मुकदमा सिख समुदाय के अमरजीत सिंह संधू ने दर्ज कराया है। खार पुलिस ने बताया कि कंगना रनौत के खिलाफ धारा 295 ए (किसी वर्ग के धर्म या धार्मिक आस्था का अपमान करके उसकी धार्मिक भावनाओं को आहत करने के इरादे से जानबूझकर और दुर्भावनापूर्ण कृत्य करना) और भारतीय दंड संहिता की अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

दिल्ली में भी दर्ज हुआ मामला

इससे पहले दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन समिति (डीएसजीएमसी) ने पुलिस में दी गई शिकायत में कहा था कि कंगना रनौत ने जानबूझकर और इरादतन किसान आंदोलन को खालिस्तानी आंदोलन के तौर पर पेश किया। उन्होंने सिख समुदाय को खालिस्तानी आतंकी भी कहा था। इस पोस्ट में उन्होंने 1984 और उससे पहले नरसंहार को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की तरफ से एक सुनियोजित कदम के रूप में बताया।

Related News