img

धमतरी।। आषाढ़ का महीना शुरू होने के साथ ही अब जनता को बरसात का बेसब्री से इंतजार है। मगर गर्मी का प्रभाव कम नहीं हो रहा है। इन दिनों पड़ रही तेज गर्मी से लोगों का जीना मुहाल है। दिन का टेम्परेचर 42 डिग्री तक पहुंच जाता है। दोपहर को शहर की सड़क व गलियों में आवाजाही कम हो जाती है। दिन ढलने के बाद ही शहर के बाजार में भीड़ इकट्ठा होती है।

भयंकर गर्मी के चलते लोगों का जीना मुहाल है। दिन और रात के टेम्परेचर में गिरावट नहीं आ रही है। इस दौरान हल्की बूंदाबांदी हो जाती है तो उमस और गर्मी लोगों को परेशान कर देती है। मौसम विभाग ने लू के बाद अब अंधड़ बारिश को लेकर चेतावनी जारी किया है। नौतपा के बाद पंचक का वक्त गुजर गया है, मगर अभी गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है।

मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो पूर्व की ओर से आ रही गर्म हवाओं के साथ ही बंगाल की खाड़ी में निम्न दाब बना हुआ है। इससे मौसम में तेजी से परिवर्तन हो रहा है। ऐसे में इस साल मानूसन 15 जून की जगह 19 जून तक आने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में 24 से 48 घंटे के लिए लू चलने की वार्निंग दी है।

विशेषज्ञों से मिली जानकारी के मुताबिक, आगामी 24 घंटे के लिए प्रदेश के अन्य जिलों के साथ धमतरी में भी लू की स्थिति बनने की आशंका है। मौसम विज्ञान एचपी चंद्रा ने बताया कि अधिकतम टेम्परेचर में अगले दो दिनो तक विशेष परिवर्तन की संभावना नहीं है। आगामी 48 घंटे के दौरान केरल में मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल हो रही हैं। छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क रहेगा।

 

 

 

 

 

--Advertisement--