EU के कई देशों ने 48 घंटे में 120 रूसी राजनयिकों को देश से निकाला, Russia ने दी ऐसी धमकी

img

ब्रसेल्स, 06 अप्रैल। यूक्रेन के बूचा में रूसी सेना के नरसंहार के बाद यूरोपीय संघ (EU) के सदस्य देश भड़क गए हैं। पिछले 48 घंटे में कई देशों ने 120 से अधिक रूसी राजनयिकों को देश से निकाल दिया है। इनमें से अधिकतक राजनयिकों पर रूस के लिए जासूसी करने का आरोप लगाया गया है। रूसी राजनयिकों को निष्कासित करने वाले देशों में स्पेन, इटली, डेनमार्क और स्वीडन, जर्मनी और फ्रांस शामिल हैं।

EU

यूरोपीय संघ (EU) ने आज ही रूस के खिलाफ नए प्रतिबंधों का ऐलान करते हुए 3 बिलियन से अधिक के कोयले के आयात पर रोक लगा दी है। हालांकि, जर्मनी और ऑस्ट्रिया के विरोध के कारण रूसी गैस और तेल सप्लाई पर प्रतिबंध का ऐलान नहीं किया जा सका। इटली ने मंगलवार को रूस के 15 अन्य राजनयिकों को निष्कासित कर दिया। फ्रांस ने एक दिन पहले ही 25 रूसी राजनयिकों को देश छोड़ने का आदेश दिया था। इसी दिन जर्मनी ने भी रूस के 40 राजनयिकों को देश निकाला दे दिया था।

रूस ने अपने राजनयिकों के निष्कासन पर कड़ी प्रतिक्रिया करते हुए कहा कि हम इसका करारा जवाब देंगे। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के कार्यालय ने इसे अदूरदर्शी कदम बताया। क्रेमलिन ने कहा कि इससे यूरोपीय देशों के साथ संचार की प्रक्रिया और ज्यादा जटिल बन सकती है।

वहीँ रूस के राष्ट्रपति कार्यालय क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने कहा हम इसे नकारात्मक रूप से देखते हैं। हमें अफसोस है कि ऐसी कठिन परिस्थितियों में राजनयिक संवाद के माध्यम को सीमित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह अदूरदर्शी और ऐसा कदम है जो सबसे पहले हमारे संवाद को जटिल बनाएगा, जो सुलह के लिए आवश्यक है। दूसरी बात, इसके बदले में जवाबी कदम उठाए जा सकते हैं।

यूक्रेन की राजधानी कीव के पास बुका में सड़कों पर लाशे मिलने के बाद यूरोपीय देशों (EU) के ऊपर रूस के खिलाफ एक्शन लेने का दबाव बढ़ रहा है। यूक्रेनी अधिकारियों ने कहा कीव के आसपास के शहरों में कम से कम 410 नागरिकों के शव मिले हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्हें बूचा में एक अस्पताल के तहखाने में टॉर्चर चेंबर मिला है। इनमें कई महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। यूक्रेन ने दावा किया है कि तहखाने में पाए गए पांच लोगों के हाथ बंधे हुए मिले हैं, जहां नागरिकों को प्रताड़ित किया गया और मार दिया गया।

Related News