_1954444966.png)
Up Kiran, Digital Desk: सोचिए ज़रा महीनों की तैयारी, रिश्तेदारों की भीड़, मिठाइयों की खुशबू, गहनों की चमक और दिल में बसी एक नई ज़िंदगी की उम्मीद… और फिर पलभर में सब कुछ छीन जाए। हां, कुछ ऐसा ही हुआ हरियाणा के पवन कुमार के साथ, जो बिहार के कैमूर ज़िले में एक अनजानी सी लड़की से ब्याह रचाकर लौट रहा था। मगर रास्ते में ऐसी साजिश का शिकार हुआ कि दुल्हन तो छू भी नहीं पाई… और अब शादी की जगह FIR ही उसकी किस्मत बन गई।
शादी हुई… पर किससे
13 जून की शाम थी। पवन कुमार, जो हरियाणा के पृथला गांव का रहने वाला है, अपने जीजा सुरेश, पत्नी सीमा देवी और पंडित रमन के साथ बिहार के चैनपुर पहुंचा। शादी की बात पहले ही फोन पर तय हो चुकी थी लड़की चैनपुर प्रखंड के एक गांव की थी। तय हुआ था कि शादी खरिगावां में होगी।
पवन और उसके परिवार वालों ने कोई कसर नहीं छोड़ी थी हाटा शहर से कपड़े, शृंगार की सामग्री, फल और मिठाई खरीदी गईं। हरियाणा से खास तौर पर दुल्हन के लिए गहने लाए गए। 1.10 लाख रुपए नकद भी लड़की पक्ष को दिए गए, ताकि "रिवाज" पूरे हों।
एक घंटे की शादी और 3 किलोमीटर की साजिश
शादी की रस्में झटपट हुईं। करीब एक घंटे में शादी पूरी हुई, और फिर लड़की पक्ष ने खुद ही ऑटो बुलवाया और कहा कि अब दुल्हन को लेकर निकल जाइए। दूल्हा पार्टी खुशी-खुशी गाड़ी में बैठी और NH-219 के रास्ते पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन की ओर रवाना हुई।
मगर हाय री किस्मत…! गेहुअनवा नदी के पास गाड़ी रोकी गई। कुछ अजनबी बदमाशों ने न केवल पवन और उसके परिजनों से गहने और पैसे छीन लिए, बल्कि दुल्हन को बाइक पर बैठाकर ले गए… बिल्कुल फिल्मी अंदाज़ में।
सच का खुलासा: लुटेरी दुल्हन नहीं, पूरा गैंग था
घटना के बाद जैसे-जैसे परतें खुलती गईं, दूल्हे और उसके परिजनों के होश उड़ते गए। यह कोई किडनैपिंग नहीं थी, बल्कि एक सोची-समझी ठगी की स्क्रिप्ट थी। लड़की, उसके तथाकथित परिजन और बीच के दलाल सब एक गिरोह का हिस्सा थे, जो शादी करवाने के नाम पर भोलेभाले लोगों को ठगते हैं।
पवन कुमार को अब जाकर समझ आया कि जिसे वो जीवनसंगिनी मान रहा था, वो असल में एक शातिर प्लान का हिस्सा थी।
FIR हुई दर्ज, मगर सवाल अब भी बाकी हैं
घटना के बाद पवन के जीजा सुरेश ने थाने में FIR दर्ज करवाई। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच की बात कह रही है। पर सवाल ये है कि क्या ऐसे गैंग को पकड़ पाना आसान होगा? और कितने और लोग ऐसे फर्जी शादी गिरोहों का शिकार हो रहे हैं?
--Advertisement--