सिर में 16 टांके और कोहनी से कटा हाथ! मनचले को चप्पल दिखाना लड़की को पड़ा भारी; नायगांव स्टेशन पर खौफनाक वारदात

सिर में 16 टांके और कोहनी से कटा हाथ! मनचले को चप्पल दिखाना लड़की को पड़ा भारी; नायगांव स्टेशन पर खौफनाक वारदात

देश की आर्थिक राजधानी मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन से एक रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है। बोरीवली से विरार की तरफ जा रही लोकल ट्रेन में सफर कर रही एक युवती के साथ जब एक मनचले ने अश्लील हरकत की, तो हिम्मत दिखाते हुए युवती ने उसका कड़ा विरोध किया और उसे चप्पल से सबक सिखाने की कोशिश की। 

मगर आरोपी ने इस विरोध के बदले में हैवानियत की सारी हदें पार करते हुए नायगांव स्टेशन पर युवती को दोनों हाथों से जोरदार धक्का देकर सीधे रेलवे ट्रैक पर गिरा दिया। ट्रैक पर गिरी युवती जब तक संभलकर प्लेटफॉर्म पर चढ़ने की कोशिश करती, तभी ट्रेन चल पड़ी और उसका बायां हाथ पहियों के नीचे आ गया। इस खौफनाक हादसे में युवती का हाथ कोहनी के नीचे से कटकर अलग हो गया, जबकि सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण 16 टांके लगाने पड़े।

यह दर्दनाक वाकया 4 नवंबर की शाम का है, जब पीड़िता अपने सफर पर निकली थी। जैसे ही ट्रेन नायगांव स्टेशन पहुंची, आरोपी ने भीड़ का फायदा उठाकर युवती से छेड़छाड़ शुरू कर दी। युवती के पलटवार और विरोध के बाद दोनों में तीखी बहस हुई, जिसके बाद आरोपी ने उसे दो डिब्बों के बीच की जगह से नीचे ट्रैक पर धकेल दिया और मौके पर मची अफरा-तफरी का फायदा उठाकर फरार हो गया। गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराई गई पीड़िता अपने पूरे परिवार का मुख्य सहारा थी, जिसका कहना है कि एक मनचले की हैवानियत ने उसका पूरा भविष्य अंधकारमय कर दिया है।

घटना के दो दिन बाद 6 नवंबर को भाईंदर रेलवे पुलिस स्टेशन में प्रकरण दर्ज किया गया। शुरुआत में पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74, 117(2) और 352 के तहत ही केस दर्ज किया था, जिसे लेकर पीड़िता के परिजनों ने कड़ा आक्रोश जताया और हत्या के प्रयास जैसी सख्त धाराएं न लगाने पर सवाल उठाए। इसके बाद महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) के पदाधिकारियों ने रेलवे पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से संपर्क साधकर हत्या के प्रयास की धारा 109 जोड़ने की पुरजोर मांग उठाई। मनसे पदाधिकारी सचिन पोपले के अनुसार, पुलिस अधिकारियों ने अदालत में अर्जी देकर धारा 109 जोड़ने का लिखित आश्वासन दिया है और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को सलाखों के पीछे भेज दिया गया है। इस दिल दहला देने वाले मामले ने एक बार फिर मुंबई लोकल में महिला यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।