विधानसभा चुनाव 2027: कांग्रेस का बड़ा एक्शन, यूपी-पंजाब समेत 5 राज्यों में स्क्रीनिंग कमेटियां घोषित; माकन को कमान
आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी बिसात बिछाने की रफ्तार तेज कर दी है। चुनाव आयोग द्वारा तारीखों की औपचारिक घोषणा से काफी पहले ही पार्टी आलाकमान ने पांच चुनावी राज्यों के लिए स्क्रीनिंग कमेटियों का गठन कर दिया है। यह फैसला कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की मौजूदगी में वरिष्ठ नेताओं के साथ हुई उच्चस्तरीय रणनीति बैठक के तुरंत बाद लिया गया। ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) के महासचिव केसी वेणुगोपाल के अनुसार, इन कमेटियों को तत्काल प्रभाव से चुनावी राज्यों में जिताऊ और मजबूत प्रत्याशियों की तलाश एवं चयन प्रक्रिया की कमान सौंप दी गई है।
सियासी तौर पर सबसे अहम माने जाने वाले उत्तर प्रदेश के लिए कांग्रेस ने वरिष्ठ राज्यसभा सांसद अजय माकन को स्क्रीनिंग कमेटी का चेयरमैन नियुक्त किया है। इस समिति में असलम शेख और भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष बीवी श्रीनिवास को सदस्य बनाया गया है। यूपी में कांग्रेस 1985 के बाद से सत्ता से बाहर है और इस बार वह समाजवादी पार्टी के साथ विपक्षी 'इंडिया' गठबंधन के तहत चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है। हालांकि सपा और कांग्रेस के बीच सीटों के तालमेल पर अंतिम मुहर लगना बाकी है, लेकिन दोनों दलों का साझा लक्ष्य सत्तारूढ़ भाजपा को पटखनी देना है।
पार्टी ने अन्य चुनावी राज्यों में भी संतुलित और कद्दावर चेहरों पर दांव लगाया है। पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए गठित तीन सदस्यीय पैनल की कमान डॉ. सिरिवेल्ला प्रसाद को सौंपी गई है, जिसमें सचिन सावंत और निवेदित अल्वा को बतौर सदस्य शामिल किया गया है। वहीं उत्तराखंड में पार्टी की स्क्रीनिंग कमेटी का नेतृत्व पूर्व केंद्रीय मंत्री दीपा दासमुंशी करेंगी, जिनके साथ दिल्ली कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अनिल चौधरी और पाल भाई अंबालिया उम्मीदवारों की छंटनी करेंगे।
तटीय राज्य गोवा के लिए वरिष्ठ नेता केजे जॉर्ज को कमेटी का मुखिया बनाया गया है, जिसमें सतेज डी पाटिल और सांसद शफी परम्बिल को जगह मिली है। पूर्वोत्तर के संवेदनशील राज्य मणिपुर में प्रत्याशियों के चयन की कमान बीएम संदीप को दी गई है, जिनके साथ सांसद हिबी एडेन और झारखंड कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर काम करेंगे। उत्तर प्रदेश में जहां सपा के साथ मिलकर कांग्रेस अपनी स्थिति मजबूत करना चाहती है, वहीं आम आदमी पार्टी शासित पंजाब और भाजपा शासित उत्तराखंड, गोवा व मणिपुर में पार्टी अपनी खोई हुई सियासी जमीन वापस पाने की पुरजोर कोशिश में जुटी है।