दिल्ली में बड़ी वारदात से पहले दबोचे गए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 3 शूटर, FBI भी एक्शन में

दिल्ली में बड़ी वारदात से पहले दबोचे गए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के 3 शूटर, FBI भी एक्शन में

दिल्ली पुलिस ने राजधानी को दहलाने की एक और बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे एक बड़े अभियान में दिल्ली पुलिस की रोहिणी जिला स्पेशल स्टाफ टीम ने लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े तीन कथित शूटरों को गिरफ्तार किया है।

अधिकारियों ने रविवार (12 जुलाई) को इस बड़ी कामयाबी की पुष्टि की। पुलिस को इन संदिग्धों के मूवमेंट को लेकर एक बेहद सटीक इनपुट मिला था, जिसके बाद जाल बिछाकर इन्हें दबोच लिया गया।

विदेशी आकाओं के इशारे पर 'टारगेट किलिंग' की थी तैयारी

शुरुआती पुलिस जांच में जो खुलासे हुए हैं, वे बेहद चौंकाने वाले हैं। गिरफ्तार किए गए तीनों शूटर दिल्ली में किसी रसूखदार शख्सियत की 'टारगेट किलिंग' यानी लक्षित हत्या को अंजाम देने की फिराक में थे। वे किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अमलीजामा पहना पाते, उससे पहले ही मुस्तैद पुलिस टीम ने उन्हें धर दबोचा। पूछताछ में सामने आया है कि इन हमलावरों को भारत से बाहर विदेशों में बैठे गैंगस्टर्स और उनके नेटवर्क से सीधे निर्देश मिल रहे थे।

दिल्ली में कई वारदातों में वांछित हैं ये अपराधी

पकड़े गए आरोपी कोई नौसिखिए नहीं हैं, बल्कि उनका पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। पुलिस के मुताबिक, ये तीनों शूटर दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में दर्ज कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित (वांटेड) चल रहे थे। इससे पहले भी वे राजधानी में रंगदारी और डराने-धमकाने के लिए की गई लक्षित गोलीबारी (Targeted Shootings) की कई घटनाओं में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। फिलहाल पुलिस इस गिरोह के पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए आगे की सघन जांच में जुटी है।

अमेरिका में FBI का 'ऑपरेशन हार्ड बॉल': गोल्डी ब्रार पर 50,000 डॉलर का इनाम

लॉरेंस बिश्नोई गैंग पर सिर्फ भारत में ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी शिकंजा कसता जा रहा है। अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई (FBI) ने 7 जुलाई से इस गैंग के खिलाफ 'ऑपरेशन हार्ड बॉल' शुरू कर रखा है। इस वैश्विक कार्रवाई के तहत अमेरिका में लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी ब्रार और जग्गू भगवानपुरिया के नेटवर्क से जुड़े कई संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इतना ही नहीं,

FBI ने कुख्यात गैंगस्टर सतिंदरजीत सिंह उर्फ ​​गोल्डी ब्रार पर 50,000 डॉलर (करीब 43 लाख रुपये) का भारी-भरकम इनाम भी घोषित किया है, जो भी उसकी गिरफ्तारी में मददगार जानकारी देगा उसे यह राशि दी जाएगी।

Latest Posts