गुरुग्राम की सभी सार्वजनिक जगहें नो-स्मोकिंग ज़ोन घोषित, नियम तोड़ने पर लगेगा 200 रुपये जुर्माना

गुरुग्राम की सभी सार्वजनिक जगहें नो-स्मोकिंग ज़ोन घोषित, नियम तोड़ने पर लगेगा 200 रुपये जुर्माना

हरियाणा के गुरुग्राम में सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और तंबाकू उत्पादों के इस्तेमाल पर सख्त रोक लगा दी गई है। नगर निगम गुरुग्राम (MCG) के अधिकार क्षेत्र में आने वाली सभी सार्वजनिक जगहों को सोमवार को तत्काल प्रभाव से ‘नो-स्मोकिंग ज़ोन’ घोषित कर दिया गया। एक अधिकारी के अनुसार यह आदेश नगर निगम कमिश्नर पंकज ने जारी किया है, जिसका उद्देश्य शहर को साफ-सुथरा, स्वस्थ और तंबाकू के धुएं से मुक्त बनाना है।

नए आदेश के तहत सार्वजनिक स्थलों पर सिगरेट, बीड़ी, सिगार या किसी भी अन्य तंबाकू उत्पाद का सेवन पूरी तरह वर्जित रहेगा। इसके साथ ही सार्वजनिक जगहों पर तंबाकू थूकने अथवा सिगरेट और बीड़ी के टुकड़े फेंकने पर भी पाबंदी लगाई गई है। नियमों का उल्लंघन करने वालों पर 200 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान और कचरा फैलने से गंदगी बढ़ने के साथ-साथ बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों के स्वास्थ्य को गंभीर खतरा होता है।

आदेश के अनुसार सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 (COTPA) की धारा 4 सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान को प्रतिबंधित करती है। संबंधित नियमों के तहत सार्वजनिक स्थानों और पार्कों के प्रभारियों की यह जिम्मेदारी है कि वे वहां धूम्रपान होने और सिगरेट-बीड़ी के अवशेष फैलने से रोकें। यह नियम केवल नगर निगम गुरुग्राम की सीमा के भीतर लागू रहेगा।

एमसीजी के इस फैसले के दायरे में बाजार, बस स्टॉप और स्टैंड, सार्वजनिक परिवहन के वाहन, नगर निगम के स्वामित्व या रखरखाव वाले सभी पार्क, ग्रीन बेल्ट, खेल के मैदान और ओपन जिम शामिल हैं। इनके भीतर बने शेड, गजेबो और अन्य ढके हुए ढांचों पर भी प्रतिबंध लागू होगा। इसके अलावा नगर निगम कार्यालय, सामुदायिक केंद्र, पुस्तकालय, औषधालय, पार्किंग स्थल और शौचालय परिसरों में भी धूम्रपान व तंबाकू उपयोग प्रतिबंधित किया गया है।

नगर निगम ने जमीनी स्तर पर आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए संयुक्त आयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सफाई) और उद्यान शाखा को निर्देश दिए हैं। अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर संबंधित क्षेत्रों और पार्कों में ‘नो-स्मोकिंग ज़ोन’ के साइनबोर्ड लगाने के लिए भी कहा गया है।