दिल्ली में फ्री बिजली के लिए करना होगा रजिस्ट्रेशन, दिसंबर में आएगा नया पोर्टल; हर साल करना होगा आवेदन

दिल्ली में फ्री बिजली के लिए करना होगा रजिस्ट्रेशन, दिसंबर में आएगा नया पोर्टल; हर साल करना होगा आवेदन

दिल्ली के घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को अब मुफ्त बिजली या सब्सिडी का लाभ लेने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा। सरकारी अधिकारियों ने सोमवार को जानकारी दी कि दिसंबर के पहले सप्ताह में एक विशेष पोर्टल शुरू किया जाएगा, जिस पर घरेलू उपभोक्ता अपना पंजीकरण करा सकेंगे और सब्सिडी का विकल्प चुन सकेंगे। पोर्टल के शुरू होने के बाद उपभोक्ताओं को आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करना होगा तथा सब्सिडी का विकल्प चुनना होगा। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी के मुताबिक, पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी करने के लिए उपभोक्ताओं को एक महीने की अवधि दी जाएगी।

नए नियम के तहत घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को हर साल सब्सिडी के लिए नए सिरे से आवेदन करना अनिवार्य होगा। जो उपभोक्ता पंजीकरण नहीं करा पाएंगे, वे इस योजना के लाभ से वंचित रह जाएंगे। अधिकारियों ने बताया कि बिजली वितरण कंपनियां (डिस्कॉम) उपभोक्ताओं के कंज्यूमर नंबर और आधार विवरण के जरिए उनका सत्यापन करेंगी। गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी (आप) की दिल्ली सरकार ने वर्ष 2022 में घरेलू उपभोक्ताओं के लिए यह सब्सिडी योजना शुरू की थी, जिसका लाभ केवल आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं को ही मिलता है।

मौजूदा व्यवस्था के अनुसार, हर महीने 200 यूनिट तक बिजली की खपत करने वाले घरेलू उपभोक्ताओं को मुफ्त बिजली दी जाती है। वहीं, 201 से 400 यूनिट तक बिजली खर्च करने वालों को 50 प्रतिशत सब्सिडी मिलती है, जिसके तहत अधिकतम 800 रुपये तक की राहत मिल सकती है।

बीते एक दशक में घरेलू उपभोक्ताओं की संख्या में इजाफे के चलते दिल्ली सरकार का बिजली सब्सिडी पर खर्च दोगुने से अधिक हो चुका है। फरवरी तक बिजली सब्सिडी मद में दी गई राशि 4,037.63 करोड़ रुपये तक पहुंच गई थी, जबकि चालू वित्त वर्ष (2026-27) के लिए सरकार ने 3,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

पिछले दस वर्षों में दिल्ली में बिजली उपभोक्ताओं की संख्या करीब 40 प्रतिशत बढ़कर 73 लाख से अधिक हो गई है। ताजा आर्थिक सर्वेक्षण के मुताबिक, कुल खपत में घरेलू उपभोक्ताओं की हिस्सेदारी सबसे अधिक 84.1 प्रतिशत है। दूसरी ओर, नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की एक रिपोर्ट में यह बात सामने आई है कि बिजली सब्सिडी नीति का अपेक्षित लाभ समाज के जरूरतमंद और वंचित वर्गों तक ठीक से नहीं पहुंच सका, जबकि अधिक बिजली खपत करने वाले उपभोक्ताओं के भी इसका फायदा उठाने की बात रिपोर्ट में कही गई है।