बैंक धोखाधड़ी मामले में मुंबई के कई ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी

बैंक धोखाधड़ी मामले में मुंबई के कई ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी

 केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने पंजाब नेशनल बैंक को 93.44 करोड़ रुपये का कथित नुकसान पहुंचाने वाले बैंक धोखाधड़ी मामले में मुंबई स्थित कंपनी हैंजर बायोटेक एनर्जीज़ प्राइवेट लिमिटेड और उसके निदेशकों के खिलाफ मामला दर्ज कर कई ठिकानों पर छापेमारी की है। कार्रवाई के दौरान बैंकिंग और संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं।

सीबीआई ने शनिवार को बताया कि एजेंसी ने 30 सितंबर को पंजाब नेशनल बैंक की मुंबई स्थित एसएएम शाखा की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। मामले में हैंजर बायोटेक एनर्जीज़ प्राइवेट लिमिटेड, उसके निदेशकों, गारंटरों, अज्ञात लोकसेवकों और अन्य निजी व्यक्तियों को आरोपित बनाया गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, आरोपितों ने आपराधिक साजिश के तहत 135 करोड़ रुपये का अवधि ऋण (टर्म लोन) प्राप्त किया। यह ऋण कथित रूप से संबंधित पक्ष की चालानों (इनवॉइस) के आधार पर हासिल किया गया था। आरोप है कि मंजूर परियोजना में धन का उपयोग करने के बजाय ऋण राशि को अन्य उद्देश्यों के लिए मोड़ दिया गया और उसका दुरुपयोग किया गया, जिससे बैंक को लगभग 93.44 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ।

सीबीआई ने 2 अक्टूबर 2026 को मुंबई में कंपनी के निदेशकों से जुड़े कई परिसरों पर तलाशी अभियान चलाया। तलाशी के दौरान जांच से संबंधित बैंकिंग दस्तावेज, संपत्ति अभिलेख और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई, जिन्हें जब्त कर लिया गया है।

जांच एजेंसी ने कहा कि मामले में साजिश के पूरे नेटवर्क, इसमें शामिल सभी व्यक्तियों की भूमिका तथा ऋण राशि के अंतिम उपयोग का पता लगाने के लिए जांच जारी है।