शुरू हुई जनगणना, पोर्टल पर आते ही उलझ गए लोग! जानिए क्यों आफत लग रहे हैं ये सवाल

शुरू हुई जनगणना, पोर्टल पर आते ही उलझ गए लोग! जानिए क्यों आफत लग रहे हैं ये सवाल

उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आगामी जनगणना को लेकर प्रशासनिक तैयारियां जमीन पर उतर चुकी हैं। नगर निगम ने शहर के सभी 100 वार्डों को करीब 2700 अलग-अलग ब्लॉक में विभाजित किया है, ताकि प्रगणकों पर काम का अतिरिक्त बोझ न पड़े और आंकड़े पूरी सटीकता से जुटाए जा सकें। इस नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक ब्लॉक में एक प्रगणक को औसतन 700 नागरिकों का विवरण एकत्र करने का दायित्व सौंपा गया है। इससे पहले निगम क्षेत्र में 1927 ब्लॉक तय किए गए थे, लेकिन काम को सुगम बनाने के लिए इनकी संख्या बढ़ाई गई है। इस बीच, जनगणना के पहले चरण के अंतर्गत नागरिकों द्वारा खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने यानी 'स्वगणना' की औपचारिक शुरुआत भी हो गई है।

अभियान के पहले ही दिन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन ने सपरिवार पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज कर स्वगणना की शुरुआत की। उनके साथ ही कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक खजान दास और देहरादून के मेयर सौरभ थपलियाल ने भी पोर्टल पर विवरण भरकर नागरिकों से इसमें सक्रिय भागीदारी की अपील की। मुख्यमंत्री ने रेखांकित किया कि उत्तराखंड जैसी विषम भौगोलिक परिस्थितियों वाले पर्वतीय राज्य में विकास योजनाओं, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल के सटीक आवंटन के लिए विश्वसनीय जनसंख्या आंकड़े अत्यंत आवश्यक हैं। इस प्रक्रिया को आमजन तक पहुंचाने के लिए डीएवी और डीबीएस जैसे प्रमुख शिक्षण संस्थानों में विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जहां छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के माध्यम से परिवारों को प्रशिक्षित किया जाएगा।

पूछे जाएंगे ये सवाल

स्वगणना की शुरुआत के साथ ही पहले दिन कई तकनीकी चुनौतियां भी सामने आईं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पांच से छह चरणों में बंटे करीब 40 विस्तृत सवालों की सूची आम उपयोगकर्ताओं के लिए काफी जटिल साबित हो रही है। पोर्टल पर परिवार के सदस्यों के नाम, माता-पिता का ब्योरा, जन्मतिथि के साथ-साथ धर्म, बिरादरी और पेशे से जुड़े तकनीकी सवाल पूछे जा रहे हैं। कुछ नागरिकों ने पोर्टल के बार-बार स्लो होने और दस्तावेज अपलोडिंग के दौरान तकनीकी अड़चनों की शिकायत करते हुए प्रक्रिया को और अधिक सरल बनाने की मांग उठाई है। हालांकि, जनगणना निदेशक ईवा आशीष श्रीवास्तव ने स्पष्ट किया है कि पोर्टल पूरी तरह सुरक्षित और सुचारू रूप से कार्य कर रहा है और जागरूकता बढ़ने के साथ ही आने वाले दिनों में ऑनलाइन प्रविष्टियों में तेजी आएगी।

प्रशासनिक स्तर पर जनगणना को त्रुटिरहित बनाने के लिए व्यापक मानव संसाधन जुटाए जा रहे हैं। नगर निगम परिसर में पिछले एक माह से विभिन्न सरकारी महकमों के 3000 से अधिक कर्मचारियों को सघन प्रशिक्षण दिया जा चुका है। वर्तमान में लगभग 200 कर्मचारियों की कमी को पूरा करने के लिए संबंधित विभागों को तत्काल कर्मी तैनात करने के आधिकारिक नोटिस जारी किए गए हैं। तय योजना के अनुसार, इस पूरे माह स्वगणना की प्रक्रिया संचालित होगी, जिसके पश्चात दिसंबर से प्रगणक घर-घर जाकर भौतिक सत्यापन और शेष जानकारियों के संकलन का औपचारिक कार्य शुरू करेंगे।