दिल्ली में कांग्रेस हाईकमान से मिलेंगे CM डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया, जल्द हो सकता है नए मंत्रियों का शपथ ग्रहण
कर्नाटक में लंबे समय से अटके पड़े मंत्रिमंडल विस्तार (Cabinet Expansion) को लेकर राजनीतिक हलचल अचानक तेज हो गई है। राज्य के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और कर्नाटक कांग्रेस प्रमुख बीके हरिप्रसाद सोमवार को नई दिल्ली के दौर पर रहेंगे। माना जा रहा है कि इस दौरे के दौरान ये दिग्गज नेता कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व (हाईकमान) के साथ अंतिम दौर की बैठक करेंगे।
यह महत्वपूर्ण बैठक शाम 6 बजे के आसपास पार्टी मुख्यालय या वरिष्ठ नेताओं के आवास पर आयोजित होने की संभावना है।
2 से 3 दिनों में फैसला, बुधवार को हो सकता है शपथ ग्रहण!
पार्टी सूत्रों और वरिष्ठ विधायकों के बयानों ने इस फेरबदल की अटकलों को और हवा दे दी है। कांग्रेस एमएलसी कशप्पनवर विजयानंद शिवशंकरप्पा के अनुसार, मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर अंतिम फैसला अगले दो से तीन दिनों में ले लिया जाएगा। वहीं, पार्टी विधायक अशोक पट्टन ने दावा किया है कि नए मंत्रियों का आधिकारिक शपथ ग्रहण समारोह बुधवार को ही आयोजित हो सकता है।
गौरतलब है कि इन नेताओं ने पिछले सप्ताह भी दिल्ली का रुख किया था, लेकिन नीट (NEET) पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के प्रधानमंत्री आवास (7, लोक कल्याण मार्ग) के बाहर चल रहे विरोध प्रदर्शन के कारण यह चर्चा सिरे नहीं चढ़ सकी थी।
कर्नाटक मंत्रिमंडल का मौजूदा ढांचा और गुटीय संतुलन
28 मई को सिद्धारमैया के इस्तीफे के बाद, डीके शिवकुमार ने 3 जून को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उनके साथ 13 अन्य मंत्रियों ने भी पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। नियमों के मुताबिक, कर्नाटक में मुख्यमंत्री सहित अधिकतम 34 मंत्री बनाए जा सकते हैं। ऐसे में कई कैबिनेट पद अभी भी खाली पड़े हैं।
मंत्रिमंडल में जगह पाने के लिए कई वरिष्ठ विधायक लगातार दावेदारी ठोक रहे हैं। शिवशंकरप्पा ने कहा, "हमें उम्मीद है कि पार्टी नेतृत्व उन निष्ठावान कार्यकर्ताओं को प्राथमिकता देगा जिन्होंने संगठन के लिए काम किया है। मैं एक कांग्रेसी परिवार की तीसरी पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करता हूं और मुझे उम्मीद है कि मेरे नाम पर विचार किया जाएगा।"