अलविदा 'वेस्ट बंगाल'? 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा नया प्रस्ताव, जानें अंग्रेजी में क्यों बदला जा रहा नाम

अलविदा 'वेस्ट बंगाल'? 9 दिसंबर को विधानसभा में आएगा नया प्रस्ताव, जानें अंग्रेजी में क्यों बदला जा रहा नाम

बंगाल का नाम बदलकर 'पश्चिम बंग' करने के प्रस्ताव को राज्य कैबिनेट ने मंजूरी दे दी है और इसे 9 दिसंबर को विधानसभा में पेश किया जाएगा। कोलकाता स्थित राज्य सचिवालय नबन्ना में हुई कैबिनेट बैठक के बाद यह घोषणा की गई। 4 से 14 दिसंबर तक चलने वाले शीतकालीन सत्र के दौरान यह प्रस्ताव सदन के पटल पर रखा जाएगा। मंजूरी मिलने के बाद 'पश्चिम बंग' नाम अंग्रेजी में भी लागू होगा और मौजूदा नाम की जगह लेगा। विधानसभा से पारित होने के बाद यह प्रस्ताव केंद्र सरकार और फिर संसद के पास भेजा जाएगा। इससे पहले भाजपा के राज्य अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य भी राज्य का नाम बदलने के प्रस्ताव पर विधानसभा में संकल्प लाए जाने की बात कह चुके थे।

नाम बदलने के इस कदम के पीछे के तर्क को स्पष्ट करते हुए कहा गया है कि यह प्रस्ताव 1947 में देश के विभाजन के दौरान राज्य के गठन के ऐतिहासिक घटनाक्रम से जुड़ा है, खासतौर पर 20 जून 1947 के उन घटनाक्रमों से जब इसके स्वरूप को लेकर निर्णय हुआ था। इसे ऐतिहासिक संदर्भ से जुड़ा बदलाव बताते हुए कहा गया कि 'पश्चिम बंगाल' की जगह 'पश्चिम बंग' होना चाहिए। इससे पहले ममता बनर्जी के कार्यकाल में राज्य का नाम 'बांग्ला' करने का प्रस्ताव विधानसभा से पास होकर केंद्रीय गृह मंत्रालय को भेजा गया था, लेकिन उसे केंद्र की स्वीकृति नहीं मिल सकी थी।

पुराने प्रस्ताव में 'W' से शुरू होने वाले अंग्रेजी नाम के कारण आधिकारिक बैठकों और सूचियों में सबसे अंत में स्थान मिलने जैसी प्रशासनिक समस्याओं का हवाला दिया गया था, जबकि 'पश्चिम बंग' के अंग्रेजी लिप्यंतरण में 'P' अक्षर आने से यह स्थिति बदल सकती है। आजादी के बाद देश में प्रशासनिक पुनर्गठन और राजनीतिक निर्णयों के तहत कई राज्यों के नाम बदले गए हैं, जिनमें 1950 में यूनाइटेड प्रोविंस से उत्तर प्रदेश व पूर्वी पंजाब से पंजाब, राज्यों के पुनर्गठन के बाद मध्य भारत से मध्य प्रदेश, 1969 में मद्रास से तमिलनाडु, 1972 में नेफा से अरुणाचल प्रदेश, 1973 में मैसूर से कर्नाटक, 2007 में उत्तरांचल से उत्तराखंड, 2011 में ओडिशा तथा 2026 में केरल से केरलम किए जाने को केंद्र की मंजूरी शामिल है। अब 'पश्चिम बंग' के प्रस्ताव को कैबिनेट की हरी झंडी मिलने के बाद आगे की संवैधानिक व विधायी प्रक्रिया पर सबकी नजरें टिकी हैं।