बीजेपी को लगा बहुत बड़ा झटका: राज्यसभा सांसद का एम्स में अचानक निधन, पार्टी में पसरा सन्नाटा!

बीजेपी को लगा बहुत बड़ा झटका: राज्यसभा सांसद का एम्स में अचानक निधन, पार्टी में पसरा सन्नाटा!

भारतीय जनता पार्टी के राज्यसभा सांसद रामराव वडकुटे का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें उपचार के लिए नई दिल्ली स्थित एम्स में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। करीब आठ महीने पहले भाजपा ने उन्हें राज्यसभा के लिए नामित किया था। स्पष्टवक्ता और साफ-सुथरी छवि वाले वडकुटे को जमीनी स्तर से जुड़े अनुभवी राजनेता के रूप में पहचाना जाता था।

महाराष्ट्र की राजनीति में धनगर समुदाय के प्रमुख चेहरों में शुमार रामराव वडकुटे का सफर लंबा और प्रभावशाली रहा। उन्होंने अपने राजनीतिक करियर में शेली-मेंधी महासंघ के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली। इससे पहले वह राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) से जुड़े थे और महाराष्ट्र विधान परिषद के सदस्य भी रह चुके थे। अक्टूबर 2019 में उन्होंने एनसीपी छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया था। साल 2021 में उन्हें भाजपा हिंगोली जिला अध्यक्ष बनाया गया, इसके अलावा वह पार्टी के चुनाव प्रमुख और हिंगोली लोकसभा क्षेत्र के प्रभारी के रूप में भी सक्रिय रहे।

उनके निधन पर पूर्व राज्यसभा सांसद डॉ. विकास महात्मे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा कि रामराव वडकुटे के जाने से धनगर समाज और सार्वजनिक जीवन को गहरी क्षति पहुंची है। उन्होंने इसे अपना व्यक्तिगत नुकसान बताते हुए कहा कि उन्होंने एक आत्मीय मित्र और करीबी सहयोगी खो दिया है। महात्मे ने दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार और समर्थकों को संबल मिलने की कामना की।

महाराष्ट्र विधान परिषद सदस्य डॉ. प्रज्ञा राजीव सातव ने भी उनके निधन को अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताते हुए शोक प्रकट किया। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करने और परिजनों को इस कठिन घड़ी से उबरने की शक्ति देने की प्रार्थना की।