सीमा पार बैठे 5 आतंकियों पर बड़ा प्रहार! रियासी में 29 कनाल संपत्ति जब्त, DGP के आदेश पर हिली आतंकी फंडिंग

सीमा पार बैठे 5 आतंकियों पर बड़ा प्रहार! रियासी में 29 कनाल संपत्ति जब्त, DGP के आदेश पर हिली आतंकी फंडिंग

जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद और उसकी आर्थिक रसद के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी कार्रवाई करते हुए रियासी जिले में पांच आतंकी हैंडलर्स की लगभग 29 कनाल अचल संपत्ति जब्त कर ली है। यह कदम आतंकी गतिविधियों को मिलने वाली संभावित फंडिंग के रास्तों को बंद करने के उद्देश्य से उठाया गया है। पुलिस के अनुसार, इन जमीनों की बिक्री या हस्तांतरण से जुटाई जाने वाली रकम का इस्तेमाल आगे चलकर आतंकी साजिशों को बढ़ाने में किया जा सकता था। यह कार्रवाई महोर पुलिस स्टेशन में दर्ज प्राथमिकी के आधार पर बीएनएस, यूएपीए और अन्य लागू कानूनी धाराओं के तहत अमल में लाई गई है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इस कार्रवाई का ब्योरा साझा करते हुए बताया कि डीजीपी नलिन प्रभात के निर्देश पर यह कदम उठाया गया है। रियासी पुलिस ने राजस्व विभाग के समन्वय से मोहम्मद कय्यूम उर्फ अब्दुल कय्यूम, बशीर अहमद उर्फ मासूम, शौकत अली, मंजूर अहमद और इम्तियाज अहमद की संपत्तियों का सत्यापन किया। आवश्यक जांच और कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद यूएपीए 1967 के प्रावधानों के तहत कुर्की व जब्ती के लिए डीजीपी से स्वीकृति ली गई थी।

जांच एजेंसियों के मुताबिक, ये पांचों आरोपी पहले आतंकी प्रशिक्षण के लिए पाकिस्तान गए थे और अब सीमा पार से बैठकर आतंकी हैंडलर्स के रूप में काम कर रहे हैं। आरोप है कि वे क्षेत्र में आतंकी गतिविधियों के संचालन, लॉजिस्टिक सहायता और समन्वय में लिप्त हैं। पुलिस का कहना है कि जमीनों को बेचकर मिलने वाले धन से आतंकी नेटवर्क को मजबूती मिलने की आशंका के चलते संपत्ति जब्त की गई है, और जिले में अमन-चैन व नागरिकों की सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसी सख्त कार्रवाइयां आगे भी जारी रहेंगी।