गुजरात में कुदरत का कहर: अहमदाबाद-गांधीनगर समेत 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

गुजरात में कुदरत का कहर: अहमदाबाद-गांधीनगर समेत 20 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

गुजरात के बड़े हिस्से में मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया है। लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं, जिसके चलते एहतियातन स्कूल-कॉलेजों और शिक्षण संस्थानों को बंद करने का आदेश दिया गया है। इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अहमदाबाद और गांधीनगर समेत गुजरात के 20 जिलों के लिए अति-भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।

मौसम विभाग के अनुसार, अहमदाबाद, गांधीनगर, वडोदरा, भरूच और कच्छ जैसे प्रमुख जिलों में 41 से 61 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तेज तूफानी हवाओं के साथ जोरदार बारिश हो सकती है।

बिजली गिरने और जलभराव की चेतावनी, सतर्क रहने की अपील

मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने की अत्यधिक आशंका जताई है। इसके साथ ही निचले इलाकों में गंभीर जलभराव, रास्तों पर पेड़ उखड़ने और भारी ट्रैफिक जाम की चेतावनी जारी की गई है।

आपदा प्रबंधन अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे अत्यधिक जरूरी न होने पर यात्रा करने से बचें और सुरक्षित इमारतों में ही रहें। नदी-नालों और उफान पर बह रहे बांधों के करीब जाने से साफ मना किया गया है।

नवसारी में जलप्रलय: NDRF ने सरिखुराद गांव से 67 लोगों को सुरक्षित निकाला

गुजरात का नवसारी जिला बारिश और पानी के तेज बहाव से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ है। नवसारी के कई इलाके पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। सरिखुराद गांव में बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को निकालने के लिए एनडीआरएफ (NDRF) की छठी बटालियन ने बड़ा रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

स्थानीय प्रशासन की सूचना पर पहुंची NDRF टीम ने 25 महिलाओं और 22 बच्चों समेत कुल 67 ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। जिले के प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।

वलसाड में सेना ने संभाली कमान, 500 से अधिक लोग रेस्क्यू

वलसाड जिले में हालात गंभीर होते देख राज्य सरकार ने भारतीय सेना को राहत कार्य में उतारा है। स्थानीय प्रशासन की मदद के लिए सेना के 70 जवान, 5 विशेष नावें, NDRF की 5 टीमें, SDRF की 5 टीमें और 25 फायर फाइटर्स तैनात किए गए हैं।

उमर्गम, वापी, धरमपुर और परदी तालुकों के निचले और ग्रामीण इलाकों से अब तक 500 से अधिक निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा चुका है। स्थिति पर काबू पाने और राहत कार्यों में तेजी लाने के लिए सरकार ने वलसाड में 10 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों की विशेष तैनाती की है।

Latest Posts