अब आम जनता देख सकेगी 'शीश महल' का एक-एक कोना! दिल्ली सरकार के इस फैसले से मचा हड़कंप
दिल्ली की सियासत में लंबे समय से विवादों के केंद्र में रहा 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित मुख्यमंत्री का पूर्व सरकारी आवास यानी 'शीश महल' अब आम नागरिकों के लिए खुलने जा रहा है। दिल्ली के कैबिनेट मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक बड़ा एलान करते हुए साफ किया कि जनता की भारी मांग को ध्यान में रखते हुए यह अहम फैसला लिया गया है। पहले कैबिनेट बैठक में इस बंगले को स्टेट गेस्ट हाउस में बदलने का विचार था, लेकिन अब सरकार ने इसके दरवाजे सीधे जनता के लिए खोलने का निर्णय लिया है। आम लोगों के प्रवेश से पहले राष्ट्रीय मीडिया को पूरे परिसर का दौरा कराया जाएगा, जिसके बाद नागरिकों के लिए बाकायदा टिकटिंग और ऑनलाइन रिजर्वेशन सिस्टम शुरू होगा।
इस फैसले के साथ ही प्रवेश वर्मा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर सीधा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि सादगी की राजनीति का दावा करने और सरकारी गाड़ी-बंगला न लेने की कसमें खाने वाले नेता ने नियमों को ताक पर रखकर यह आलीशान महल तैयार करवाया। मंत्री ने दावा किया कि इस निर्माण के लिए आसपास के कई पुराने बंगलों, नौकरों के क्वार्टरों और गैरेज को तोड़ा गया। अब जनता खुद अपनी आंखों से देखेगी कि सरकारी पैसे का किस तरह इस्तेमाल हुआ।
प्रवेश वर्मा के मुताबिक, जब लोग इस बंगले के भीतर जाएंगे तो वे हर कमरे में लगी ऑटोमैटिक स्मार्ट लाइटिंग, करोड़ों रुपये के महंगे पर्दे और वियतनाम से विशेष तौर पर मंगवाए गए दुर्लभ मार्बल को करीब से देख सकेंगे। उन्होंने इसे राजधानी में वित्तीय अनियमितताओं का सबसे बड़ा उदाहरण करार दिया। सिविल लाइंस का यह ऐतिहासिक बंगला, जो 2024 के अंत में केजरीवाल के इस्तीफे और खाली करने तक उनका आधिकारिक आवास रहा, कोविड महामारी के दौरान हुए कथित करोड़ों के रेनोवेशन खर्च को लेकर लगातार भाजपा के निशाने पर रहा है।