मौके पर मौत को दी मात! अपनी जिगर के टुकड़े को बचाने के लिए खूंखार तेंदुए से भिड़ गई माँ

मौके पर मौत को दी मात! अपनी जिगर के टुकड़े को बचाने के लिए खूंखार तेंदुए से भिड़ गई माँ

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना सामने आई है। सुजौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ईदगाह पुरवा गांव में बीती रात करीब 3 बजे एक खूंखार तेंदुआ घर की दीवार फांदकर भीतर घुस गया। उस वक्त 6 वर्षीय मासूम बच्ची दिव्या खटिया पर मच्छरदानी के अंदर गहरी नींद में सो रही थी। तेंदुए ने झपट्टा मारकर बच्ची को अपने जबड़े में दबाया और जंगल की तरफ खींचने की कोशिश करने लगा।

बच्ची के छटपटाने और आहट मिलते ही पास सो रही मां की आंख खुल गई। अंधेरे में खूंखार शिकारी के जबड़े में अपनी लाडली को देखते ही मां ने बगैर अपनी जान की परवाह किए तेंदुए पर धावा बोल दिया। जांबाज मां ने निडर होकर दोनों हाथों से बेटी को तेंदुए की मजबूत पकड़ से अपनी ओर खींचना शुरू किया। मां के जबर्दस्त प्रतिरोध और मचे शोर के आगे तेंदुआ सहम गया और बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग खड़ा हुआ।

तेंदुए के खूंखार हमले में मासूम दिव्या के गले, सिर, कान और बांह पर गहरे और गंभीर घाव आए हैं। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों और परिजनों ने लहुलूहान बच्ची को तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से नाजुक स्थिति देखते हुए डॉक्टरों ने उसे बहराइच मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। फिलहाल विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम बच्ची का उपचार कर रही है।

गांव के लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी तेंदुआ आबादी में तीन बार घुसपैठ कर पालतू बकरियों को निवाला बना चुका है। लगातार हो रहे हमलों के चलते ग्रामीणों में वन विभाग की सुस्त कार्यशैली को लेकर भारी आक्रोश पनप रहा है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया और ग्रामीणों को रात के समय सतर्क रहने तथा घरों के भीतर ही सोने की सख्त हिदायत दी है।