7 महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या, सेना के जवान पति की इस करतूत से दहल उठा देश

7 महीने की गर्भवती पत्नी की हत्या, सेना के जवान पति की इस करतूत से दहल उठा देश

महाराष्ट्र के वाशिम जनपद के करंजा शहर से एक बेहद दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है। भारतीय सेना में तैनात एक जवान ने अपनी ही 7 महीने की गर्भवती पत्नी को मौत के घाट उतार दिया है।

इस जघन्य हत्याकांड के बाद से पूरे इलाके में आक्रोश और सनसनी का माहौल है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी फौजी पति के साथ-साथ उसके माता-पिता को भी गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

मराठा बटालियन में कार्यरत है आरोपी फौजी पति

पुलिस से प्राप्त विस्तृत जानकारी के अनुसार, करंजा तालुका के शिवनगर इलाके के रहने वाले और भारतीय सेना की प्रतिष्ठित 6वीं मराठा बटालियन में तैनात 28 वर्षीय ज्ञानेश्वर मदने पर अपनी ही पत्नी दीपाली की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। घटना की सूचना मिलते ही करंजा शहर पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए आरोपी फौजी और उसके माता-पिता को धर दबोचा। पुलिस इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि आखिर पारिवारिक कलह या किस अन्य विवाद के चलते एक रक्षक ही भक्षक बन बैठा।

अवैध संबंध और प्रताड़ना का आरोप, भाई ने खोले राज

मृतक महिला दीपाली के भाई राहुल माने ने करंजा पुलिस थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराते हुए बहुत बड़े खुलासे किए हैं। भाई का आरोप है कि आरोपी फौजी पति का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध था, जिसके विरोध करने पर वह मृतका दीपाली को लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित करता था।

इस विवाद को सुलझाने के लिए कुछ महीने पहले दोनों पक्षों के परिवारों के बीच एक सामाजिक बैठक भी हुई थी जिसमें आपसी समझौते का प्रयास किया गया था। परिजनों के मुताबिक, घटना के दिन आरोपी ने फोन कर झूठ बोला कि दीपाली घर में गिर गई है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब मध्य प्रदेश के बुरहानपुर से परिजन करंजा पहुंचे, तो दीपाली की हालत देखकर उन्हें अनहोनी और हत्या का गहरा संदेह हुआ।

एसडीपीओ मनीष ठाकरे ने दी मामले की आधिकारिक जानकारी

करंजा के एसडीपीओ (SDPO) मनीष ठाकरे ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि कल दोपहर करंजा उपजिला अस्पताल से पुलिस को एक मेमो प्राप्त हुआ था, जिसमें बताया गया कि दीपाली मदने को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया है।

सूचना मिलते ही हमारे ड्यूटी ऑफिसर तुरंत अस्पताल पहुंचे और शव का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान गले पर बने संदिग्ध निशानों और शरीर के रंग को देखकर पहली ही नजर में यह हत्या का मामला प्रतीत हुआ। इसके बाद करंजा शहर थाना प्रभारी और मैं खुद मौके पर पहुंचे। मृतका के भाई और अन्य परिजनों की औपचारिक शिकायत के आधार पर हमने तुरंत भारतीय सेना के जवान पति और उसके दो अन्य परिजनों के खिलाफ हत्या की धाराओं में केस दर्ज किया। सेना के इस जवान को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।