महिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में फंसे टीवीके विधायक, NCW ने डीजीपी से 7 दिन में मांगी रिपोर्ट

महिला कलेक्टर को अश्लील मैसेज भेजने के आरोप में फंसे टीवीके विधायक, NCW ने डीजीपी से 7 दिन में मांगी रिपोर्ट

तमिलनाडु की कल्लाकुरिची विधानसभा सीट से सत्ताधारी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) के विधायक सी. अरुल विग्नेश पर जिले की महिला कलेक्टर को आपत्तिजनक व्हाट्सएप मैसेज भेजने और दुर्व्यवहार करने के गंभीर आरोपों ने राज्य के सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक विधायक पर नशे की हालत में कलेक्टर के आधिकारिक आवास पर जाने के भी आरोप लगे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने इस पर स्वतः संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष विजया राहटकर ने तमिलनाडु के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पत्र भेजकर बिना किसी राजनीतिक दबाव के निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने, सभी डिजिटल साक्ष्यों को सुरक्षित रखने और सात दिनों के भीतर विस्तृत एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) सौंपने का निर्देश दिया है।

सी. अरुल विग्नेश ने वर्ष 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में कल्लाकुरिची (एससी आरक्षित) सीट से अभिनेता और नेता सी. जोसेफ विजय उर्फ थलापति विजय की पार्टी टीवीके के टिकट पर जीत दर्ज की थी, जहां उन्होंने अन्नाद्रमुक के एस. राजीवगांधी को शिकस्त दी थी। विवाद सामने आने के बाद विधायक ने सफाई देते हुए इन आरोपों को पूरी तरह मनगढ़ंत और राजनीतिक साजिश करार दिया था। विधायक का कहना था कि कलेक्टर आवास पर सीसीटीवी और सुरक्षा गार्ड तैनात रहते हैं, ऐसे में वहां जबरन जाने का सवाल ही नहीं उठता। उन्होंने दावा किया कि डीएमके सांसद कनिमोझी द्वारा लगाए जा रहे ये आरोप केवल छवि खराब करने के लिए गढ़ी गई अफवाहें हैं और वे किसी भी तरह की जांच का सामना करने को तैयार हैं।

इस मामले ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। तमिलनाडु भाजपा के पूर्व अध्यक्ष और 'वी द लीडर्स' आंदोलन के संस्थापक के. अन्नामलाई ने मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय और मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की खामोशी पर कड़े सवाल उठाए हैं। उन्होंने महिला कलेक्टर के सरकारी कार्यक्रमों से दूरी बनाने की ओर इशारा करते हुए मुख्यमंत्री से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। राज्य में सत्ताधारी दल के विधायक पर एक वरिष्ठ महिला प्रशासनिक अधिकारी के साथ बदसलूकी के इन आरोपों के बाद विपक्षी दल सरकार की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार हमलावर रुख अपनाए हुए हैं।