एक दिन, दो खौफनाक हादसे और 11 मौतें; सड़क हादसों ने मचाई तबाही

एक दिन, दो खौफनाक हादसे और 11 मौतें; सड़क हादसों ने मचाई तबाही

देश के दो अलग-अलग राज्यों में दर्दनाक सड़क हादसों की खबर सामने आई है। बिहार के सुपौल में जहां धार्मिक अनुष्ठान के दौरान अनियंत्रित कार की चपेट में आने से 5 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, वहीं तेलंगाना के सूर्यापेट में एक भीषण सड़क हादसे में 6 बस यात्रियों की जान चली गई और दर्जनों लोग घायल हो गए।

सुपौल: झूलन उत्सव के दौरान अनियंत्रित कार ने श्रद्धालुओं को कुचला

बिहार के सुपौल जिले के पिपरा थाना क्षेत्र स्थित कटैया गोठ चौक पर बजरंगबली मंदिर के पास झूलन उत्सव के उपलक्ष्य में ग्रामीण भजन-कीर्तन कर रहे थे। इसी दौरान पिपरा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कार सीधे श्रद्धालुओं की भीड़ में घुस गई। इस दर्दनाक हादसे में 5 लोगों की जान चली गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए तुरंत सुपौल सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मृतकों में सुरेंद्र यादव (45, वार्ड 15 निवासी), तिलाई उर्फ तिलो दास (65, वार्ड 12 निवासी) और राजू दास (50, वार्ड 12 निवासी) के रूप में पहचान हुई है।

चालक फरार, ग्रामीणों ने NH-327E पर लगाया जाम

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, भीड़ को रौंदने के बाद कार एक गैरेज से टकरा गई, जिसके बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया है। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग (NH-327E) को जाम कर दिया। स्थिति को संभालने के लिए सदर इंस्पेक्टर संजय यादव, एसडीएम मनोहर कुमार साहू और साइबर डीएसपी सौरभ गुप्ता मौके पर पहुंचे। पुलिस कार मालिक की पहचान कर फरार चालक की तलाश में जुटी है।

तेलंगाना: सूर्यापेट में ट्रैवल बस और ट्रक की टक्कर, 6 की मौत

उधर तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में हैदराबाद-विजयवाड़ा मार्ग पर दुर्गापुरम स्टेज और कोडाडा मंडल के द्वारकुंट के पास सुबह करीब 5:20 बजे एक निजी ट्रैवल बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। कुल 43 यात्रियों से भरी इस बस के दुर्घटनाग्रस्त होने से 6 लोगों की मौके पर मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज नजदीकी अस्पतालों में जारी है।

Latest Posts