2029 में PM कौन; TVK ने बढ़ाया थलपति विजय का नाम तो भड़की कांग्रेस, दे डाली गठबंधन तोड़ने की चेतावनी

2029 में PM कौन; TVK ने बढ़ाया थलपति विजय का नाम तो भड़की कांग्रेस, दे डाली गठबंधन तोड़ने की चेतावनी

तमिलनाडु की सियासत में आगामी 2029 के लोकसभा चुनावों के प्रधानमंत्री पद के चेहरे को लेकर भारी खींचतान शुरू हो गई है। तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) जहां अपने नेता और मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय को देश के अगले प्रधानमंत्री के रूप में प्रोजेक्ट कर रही है, वहीं गठबंधन सहयोगी कांग्रेस ने इस पर कड़ा ऐतराज जताया है। तमिलनाडु सरकार में उच्च शिक्षा मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता पी. विश्वनाथन ने चेन्नई में एक कार्यक्रम के दौरान दो टूक कहा कि 2029 के आम चुनाव के बाद केवल राहुल गांधी ही देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे।

राहुल गांधी ही होंगे PM चेहरा, कोई दूसरा विकल्प नहीं: मंत्री विश्वनाथन

मंत्री विश्वनाथन ने साफ किया कि राहुल गांधी की पीएम उम्मीदवारी को लेकर किसी तरह का संशय नहीं है और पार्टी पूरे विश्वास के साथ चुनावी तैयारियों में जुट चुकी है। समाचार एजेंसी एएनआई के अनुसार, उन्होंने विजय से जुड़े सवालों पर स्पष्ट कहा कि वह उप-प्रधानमंत्री पद जैसी अटकलों पर कोई बात नहीं करना चाहते, क्योंकि राहुल गांधी ही शीर्ष पद के सर्वमान्य चेहरे हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि कन्याकुमारी से तिरुत्तानी तक कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी ताकत से मैदान में हैं और ढाई साल बाद होने वाले संसद चुनाव का खाका तैयार किया जा चुका है।

इस्तीफे और गठबंधन तोड़ने तक पहुंची बात

मौजूदा मंत्रिमंडल में शामिल कांग्रेस कोटे के दूसरे मंत्री एस. राजेश कुमार (पर्यटन मंत्री एवं किल्लियूर विधायक) ने पहले ही कड़े तेवर दिखाते हुए गठबंधन टूटने की चेतावनी दी थी। कुमार ने दो टूक कहा था कि यदि टीवीके ने 2029 में विपक्ष के साझा प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के तौर पर राहुल गांधी का समर्थन नहीं किया, तो दोनों कांग्रेसी मंत्री फौरन कैबिनेट से इस्तीफा दे देंगे और गठबंधन खत्म कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि डीएमके से नाता तोड़कर कांग्रेस ने टीवीके के साथ हाथ मिलाया था, लेकिन विजय को राष्ट्रीय फलक पर पीएम चेहरे के तौर पर पेश किए जाने से यह खींचतान अब खुलकर सामने आ गई है।

TVK का पलटवार, जनादेश का दिया हवाला

इस राजनीतिक बयानबाजी के बीच तमिलनाडु के वरिष्ठ मंत्री के.ए. सेंगोत्तैयान ने विजय के नेतृत्व का मजबूती से बचाव किया है। उन्होंने कहा कि गठन के मात्र दो साल के भीतर और चुनाव से ठीक दो महीने पहले मिले नए चुनाव चिह्न के बावजूद राज्य की जनता ने थलपति विजय पर भरोसा जताते हुए प्रचंड जनादेश दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री विजय राज्य की सुरक्षा और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए पूरी तरह समर्पित हैं और पार्टी का रुख अपने नेता के नेतृत्व को लेकर बिल्कुल स्पष्ट है।