img

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अमेरिका की राजकीय यात्रा पर हैं। प्रेसिडेंट बाइडेन के न्योते पर अमेरिका गए भारतीय पीएम लौटते वक्त Egypt (मिस्र) जाएँगे, पीएम मोदी का मिस्र की राजधानी काहिरा स्थित अल मस्जिद का दौरा भी होगा।

विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री चौबीस से पच्चीस जून मिस्र की राजकीय यात्रा पर जाएंगे जहाँ वो दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने तथा कारोबार और आर्थिक सहयोग के नए क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।

सचिव ने बताया, प्रधानमंत्री मोदी मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह के निमंत्रण पर ये यात्रा कर रहे हैं। उन्होंने भारत के गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की थी और उसी समय उन्होंने प्रधानमंत्री को मिस्र यात्रा के लिए आमंत्रित किया था।

साल उन्नीस सौ सत्तानबे के बाद किसी भारतीय प्रधानमंत्री का यह पहला मिश्र दौरा होगा। प्रधानमंत्री मोदी काहिरा के जिस मस्जिद जाएँगे वो ग्यारहवी सदी की है।

छह सालों तक चले पुनरुद्धार कार्य के बाद इस शिया मस्जिद को इसी वर्ष फरवरी में दोबारा खोला गया था। इस मस्जिद का पुनरुद्धार करवाने में बोहरा समुदाय का विशेष योगदान रहा। मुसलमानों के बोहरा समुदाय का मुख्य निवास भारत है।

मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह भी इस भारतीय मुस्लिम समुदाय से खासे प्रभावित है। मिस्र के मीडिया में छपी खबरों के मुताबिक अलसीसी ने भारत के दाऊदी बोहरा मुसलमानों के खुले विचारों की खूब प्रशंसा की।

उन्होंने कहा कि यह मुस्लिम समुदाय दूसरे पंथों और धर्मों के प्रति बहुत उदार रवैया रखता है और विश्व भर के अलग अलग समुदायों के साथ बातचीत और संपर्क बढ़ाने में विश्वास रखता है।
 

--Advertisement--