img

राजस्थान में कांग्रेस चुनाव जीतने के लिए भरपूर कोशिश कर रही है। दिल्ली से कई नेताओं का आना शुरू हो चुका है। इसी कड़ी में कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी 25 अक्टूबर को झुंझुनूं पहुंची थी। जहां उन्होंने पूर्व डिप्टी सीएम सचिन पायलट की मौजूदगी में भाजपा पर तंज कसा है। साथ ही प्रियंका ने सचिन पायलट की खूब तारीफ भी की। तत्पश्चात, राजस्थान के सियासी गलियारों में कयासों का दौर शुरू हो गया है।

प्रियंका गांधी ने सचिन पायलट को लेकर कहा कि आपके बीच युवा नेता हैं। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि मैं एक शहीद की बेटी और शहीद की पोती हूं। मैं जानती हूं कि झुंझुनूं में कितने लोगों ने अपनी बेटी या बेटा देश को दिया है। मैं जानती हूं कि शहीदों के परिवार पर क्या गुजरती है।

सियासी विशेषज्ञों का मानना है कि प्रियंका गांधी ने पायलट को युवा नेता बताकर प्रदेश की जनता और मुख्यमंत्री गहलोत को सियासी संदेश दिया है। इससे पहले सचिन पायलट ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं को भारतीय जनता पार्टी के बहकावे में नहीं आना चाहिए। कांग्रेस में ही युवाओं का भविष्य है।

याद दिला दें कि ये पहला मौका नहीं है जब प्रियंका ने सचिन पायलट की तरफदारी की हो। अशोक व सचिन के मध्य बहुत दिनों से जारी संघर्ष के दौरान प्रियंका गांधी का समर्थन पायलट को ही रहा है। सूत्रों की माने तो बीते वर्ष सितंबर में गहलोत को हटाकर पायलट को सीएम बनाने का प्लान भी प्रियंका गांधी का ही था। इसलिए प्रियंका गांधी झुंझुनूं की रैली में ये इशारा करना नहीं भूली कि गहलोत अनुभवी नेता हैं, काम किया है, किंतु, पायलट युवा नेता हैं। 

--Advertisement--