15वें स्थापना दिवस पर मोगा में AAP का शक्ति प्रदर्शन, केजरीवाल बोले- 'राजनीति ने हमें नहीं, हमने राजनीति को बदला'
आम आदमी पार्टी (AAP) आज अपना 15वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह के साथ मना रही है और इस ऐतिहासिक मौके को पार्टी पंजाब के मोगा में एक विशाल जनसभा के जरिए शक्ति प्रदर्शन में बदलने जा रही है। साल 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव की तैयारियों की पृष्ठभूमि में आयोजित इस मेगा रैली में पार्टी संयोजक अरविंद केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान एक साथ मंच साझा कर रहे हैं। रैली के मंच पर राज्य के लिए घोषित पार्टी के सभी 71 प्रत्याशी भी नजर आ रहे हैं, जिससे पूरे राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।
स्थापना दिवस के इस बड़े पड़ाव पर अरविंद केजरीवाल ने पार्टी के 15 साल के सफर को याद करते हुए अपने विरोधियों को दो टूक जवाब दिया। केजरीवाल ने कहा कि जब आम आदमी पार्टी अस्तित्व में आई थी, तब इस पर तरह-तरह के सवाल दागे गए थे कि नई पार्टी कितने दिन टिकेगी और आंदोलन से निकले लोगों को राजनीति की क्या समझ है। केजरीवाल के अनुसार, पार्टी न सिर्फ डटी रही बल्कि उसने देश भर के लोगों का भरोसा जीता। दिल्ली और पंजाब में पूर्ण बहुमत की सरकारें बनाईं और जम्मू-कश्मीर, गोवा तथा गुजरात तक जनता के दिलों में अपनी खास जगह बनाई।
राजनीतिक व्यवस्था में बदलाव का दावा करते हुए केजरीवाल ने रेखांकित किया कि आम आदमी पार्टी ने देश में काम की सियासत को स्थापित किया, जहां मुख्य विमर्श शिक्षा और स्वास्थ्य पर केंद्रित हुआ। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि पारंपरिक राजनीति उन्हें बदल नहीं पाई, बल्कि उनकी पार्टी ने भारतीय राजनीति की दिशा बदल दी। देश के लिए आगे भी बिना डरे और बिना पीछे हटे काम करने का संकल्प दोहराते हुए उन्होंने पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं व समर्थकों को बधाई दी।
मोगा में आयोजित इस विशाल रैली में पंजाब के सभी 117 विधानसभा क्षेत्रों से समर्थक, कार्यकर्ता और हल्का प्रभारी पहुंचे हैं। इस मंच से भगवंत मान सरकार अपने पांच साल के कार्यकाल का विस्तृत रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रख रही है। चूंकि मोगा जिले की चारों सीटों पर पार्टी पहले ही उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है, ऐसे में चुनावी रणनीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को लेकर इस जनसभा से कई अहम ऐलान किए जा रहे हैं।