पंजाब में आज बड़ी राहत: लाडोवाल समेत कई टोल प्लाजा 4 घंटे के लिए फ्री, जानें वजह और टाइमिंग
पंजाब के नेशनल हाईवे पर सफर करने वाले वाहन चालकों के लिए एक बड़ी राहत और जरूरी अपडेट है। भारतीय किसान यूनियन (एकता सिद्धूपुर) ने आज मंगलवार को लाडोवाल टोल प्लाजा सहित राज्य के कई अन्य प्रमुख टोल प्लाजा को पूरी तरह से टोल-फ्री (मुफ्त) करने का बड़ा ऐलान किया है। किसान संगठन के इस फैसले के बाद प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
जानिए कब से कब तक रहेगा टोल फ्री?
अगर आप आज हाईवे पर निकलने वाले हैं, तो समय का विशेष ध्यान रखें। किसान यूनियन के मुताबिक, यह विरोध प्रदर्शन सुबह 11:00 बजे से शुरू होकर शाम 04:00 बजे तक चलेगा। इस 4 घंटे की अवधि के दौरान लाडोवाल टोल प्लाजा और जिले के अन्य चिन्हित टोल बूथों से गुजरने वाले सभी छोटे-बड़े वाहनों से किसी भी प्रकार का टोल टैक्स नहीं वसूला जाएगा। सभी गाड़ियों को बिना कोई शुल्क दिए सीधे निकाला जाएगा।
आखिर क्यों बंद किए जा रहे हैं टोल प्लाजा?
किसान नेताओं का कहना है कि यह कदम पंजाब सरकार की प्रस्तावित 'लैंड पूलिंग नीति' और केंद्र सरकार के 'भारत-अमेरिका मुक्त व्यापार समझौते' (FTA) के खिलाफ एक सांकेतिक विरोध है। यूनियन का आरोप है कि पंजाब सरकार दोबारा जिस लैंड पूलिंग नीति को लागू करने की कोशिश कर रही है, उससे राज्य की उपजाऊ कृषि भूमि कॉरपोरेट घरानों के नियंत्रण में चली जाएगी। किसानों ने सरकार से इस नीति को तुरंत प्रभाव से रद्द करने की मांग की है।
खाद्य सुरक्षा और किसानों के हितों पर चिंता
प्रदर्शनकारी किसान नेताओं ने केंद्र सरकार को भी निशाने पर लिया है। उन्होंने मांग की है कि भारत को अमेरिका के साथ चल रहे मुक्त व्यापार समझौते (FTA) से तुरंत बाहर आ जाना चाहिए। किसानों का तर्क है कि इस तरह के अंतरराष्ट्रीय समझौते देश के कृषि क्षेत्र, स्थानीय किसानों की आजीविका और भारत की खाद्य सुरक्षा के लिए भविष्य में बेहद नुकसानदायक साबित हो सकते हैं।