दिनदहाड़े सरेआम गोलियों से भून डाला, मशहूर LGBTQ इन्फ्लुएंसर 'मैड संधू' की हत्या से दहला पंजाब
अमृतसर में मशहूर मेकअप आर्टिस्ट और LGBTQ इन्फ्लुएंसर 'मैड संधू' की गोली मारकर हत्या कर दी गई। शनिवार शाम करीब 6 बजे लोहारका रोड पर यह वारदात हुई। बाइक सवार दो हमलावरों ने गाड़ी धुलवाने जा रहे संधू पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाईं। दो गोलियां लगने से संधू लहूलुहान होकर गिर पड़े। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अज्ञात हमलावरों पर केस दर्ज
डीएसपी प्रभजोत सिंह विर्क के अनुसार, हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को घटनास्थल से दो खाली खोखे मिले हैं। अधिकारियों का दावा है कि कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं। हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें बनाई गई हैं।
गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों का कथित पोस्ट
यूके स्थित गैंगस्टर गोल्डी ढिल्लों के नाम से जारी सोशल मीडिया पोस्ट में हत्या की जिम्मेदारी ली गई है। पोस्ट में संधू पर 'नई पीढ़ी को गुमराह' करने का आरोप लगाया गया। हालांकि, पुलिस ने इस पोस्ट और संधू हत्याकांड में ढिल्लों के शामिल होने की पुष्टि नहीं की है।
कौन थे मैड संधू?
मैड संधू का असली नाम मधुसूदन था। वह जाने-माने मेकअप आर्टिस्ट, स्टाइलिस्ट और डिजिटल क्रिएटर थे। उन्होंने पंजाब और मुंबई में फिल्मों के लिए कॉस्ट्यूम डिज़ाइनिंग भी की थी। ऑनलाइन ट्रोलिंग के बावजूद वह LGBTQ अधिकारों और जेंडर मुद्दों पर खुलकर बात करते थे।