जयपुर की इन 4 समितियों में कांग्रेस ने मारी बाजी! चुनावी नतीजों ने बढ़ाई सत्तापक्ष की धड़कनें
राजस्थान के झुंझुनूं जिले में जिला परिषद और पंचायत समिति चुनाव की मतगणना में कांग्रेस मजबूत बढ़त के साथ आगे निकलती दिख रही है। जिला परिषद की कुल 41 सीटों में से घोषित नतीजों में कांग्रेस ने 13 सीटों पर जीत हासिल की है और 13 सीटों पर पार्टी उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। भाजपा ने अब तक 4 सीटों पर कब्जा जमाया है, 8 सीटों पर भाजपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं, जबकि 2 सीटों पर अन्य उम्मीदवार आगे हैं और शेष वार्डों में गिनती जारी है। जिला परिषद के वार्ड 5 में निवर्तमान जिला प्रमुख एवं पूर्व सांसद नरेंद्र खींचड़ की बहू हर्षिनी कुलहरि ने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की, जबकि उनकी देवरानी अनामिका कुलहरि को हार का सामना करना पड़ा।
घोषित नतीजों में कांग्रेस की ओर से वार्ड 1 में समीरा बानो, वार्ड 2 में डॉ. भगवती वर्मा, वार्ड 3 में डॉ. निकिता, वार्ड 6 में सुशीला सीगड़ा, वार्ड 8 में कविता कुमारी, वार्ड 9 में श्रवण सिंह, वार्ड 10 में कानता, वार्ड 30 में योगेश गुर्जर, वार्ड 31 में मनीषा, वार्ड 33 में राजकुमार, वार्ड 35 में सुंदर देवी, वार्ड 40 में परवेश जानू और वार्ड 41 में खलील बुडाना विजयी रहे। भाजपा के लिए वार्ड 5 में हर्षिनी कुलहरि, वार्ड 18 में दीक्षा अहलावत, वार्ड 34 में सुरेन्द्र कुमार और वार्ड 39 में नेहा ने जीत दर्ज की। वहीं वार्ड 7 में कांग्रेस के जगदीश प्रसाद 1,289 मतों और वार्ड 11 में कांग्रेस की किरण कुमावत 1,124 मतों से आगे चल रहे हैं।
पंचायत समिति चुनावों में भी जिले की 14 पंचायत समितियों में से 9 पर कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर लिया है, जबकि भाजपा एक पंचायत समिति में आगे है और 4 समितियों में निर्दलीय प्रत्याशियों की भूमिका बोर्ड गठन के लिए निर्णायक मानी जा रही है। झुंझुनूं की 19 सीटों में कांग्रेस को 9, भाजपा को 5 और अन्य को 5 सीटें मिलीं, जबकि चिड़ावा की 19 सीटों में कांग्रेस 10, भाजपा 5 और निर्दलीय 4 सीटों पर रहे। पिलानी की 15 सीटों में कांग्रेस और भाजपा ने 7-7 तथा निर्दलीयों ने 3 सीटें जीतीं। गुढ़ागौड़जी की 23 सीटों में कांग्रेस 13, भाजपा 4, आरएलपी 1, बीएसपी 2, निर्दलीय 2 और अन्य 3 सीटों पर रहे। उदयपुरवाटी की 17 सीटों में कांग्रेस ने 12, भाजपा ने 2, बीएसपी ने 2 और निर्दलीय ने 1 सीट जीती। नवलगढ़ की 17 सीटों में कांग्रेस 9, भाजपा 6, आरएलपी 1, निर्दलीय 1 और अन्य 2 सीटों पर जीते। खेतड़ी की 21 सीटों में भाजपा 9, कांग्रेस 5 और निर्दलीय 7 सीटों पर रहे, सूरजगढ़ की 15 सीटों में कांग्रेस 11, भाजपा 3 और निर्दलीय 1 सीट पर जीते, जबकि गोठड़ा की 17 सीटों में कांग्रेस ने 13 और भाजपा ने 4 सीटें हासिल कीं।
इसके अलावा बबाई पंचायत समिति में भाजपा ने 7, कांग्रेस ने 4 और अन्य ने 6 सीटें जीतीं। मंडावा की 15 सीटों में कांग्रेस 8, भाजपा 6 और निर्दलीय 1 सीट पर रहे। सिंघाना की 15 सीटों में कांग्रेस ने 9, भाजपा ने 4 और निर्दलीय ने 2 सीटें जीतीं। अलसीसर की 19 सीटों में कांग्रेस को 12, भाजपा को 6 और निर्दलीय को 1 सीट मिली, वहीं बुहाना की 17 सीटों में कांग्रेस ने 8, भाजपा ने 5 और निर्दलीय ने 4 सीटें जीतीं। मतगणना पूरी होने के बाद ही जिला परिषद व समितियों की अंतिम तस्वीर साफ होगी। उधर, जयपुर जिले की आमेर, आंधी, झोटवाड़ा और शाहपुरा पंचायत समितियों में भी कांग्रेस ने बहुमत हासिल कर भाजपा को झटका दिया है, जबकि कई सीटों पर मतगणना जारी है।