तकिए से घोंटा दम, 1 क्विंटल लकड़ी से जलाया शव... फिर जो किया सुनकर पैरों तले जमीन खिसक जाएगी!
राजस्थान के टेक्सटाइल सिटी भीलवाड़ा के पॉश इलाके आरके कॉलोनी से एक बेहद रूह कंपा देने वाला और अमानवीय अपराध सामने आया है, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों दोनों को सन्न कर दिया है। 72 वर्षीय बुजुर्ग महिला कमलादेवी कांकरिया की बेदर्दी से हत्या करने के बाद आरोपियों ने शव को घर की छत पर लकड़ियों और टायरों से जला डाला। हैवानियत यहीं खत्म नहीं हुई, सबूत मिटाने के लिए हड्डियों को नदी में फेंकने और छत की मरम्मत कराने के बाद उसी जगह करीब 40 दोस्तों को बुलाकर बकायदा नॉनवेज पार्टी भी की गई। गुरुवार को पुलिस और फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम तीनों गिरफ्तार आरोपियों को लेकर मौके पर पहुंची और घंटों तक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
तकिए से मुंह दबाकर उनकी ले ली जान
पुलिस के अनुसार, इस खौफनाक साजिश का मास्टरमाइंड रवि तापड़िया है, जिसने 12 अक्टूबर की रात कमलादेवी को आरके कॉलोनी स्थित अपने मकान में बुलाया था। वहां उसने महिला पर संपत्ति से जुड़े दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने का दबाव बनाया। जब कमलादेवी ने साफ मना कर दिया, तो रवि ने तकिए से मुंह दबाकर उनकी जान ले ली। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने मृतका के शरीर से 15 तोला सोने के जेवरात उतार लिए, जिनकी बाजार में कीमत करीब 22 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिसिया पूछताछ में परतें खुलीं तो जांच अधिकारी भी दंग रह गए। हत्या के अगले दिन आरोपी पास की आरा मशीन से करीब एक क्विंटल लकड़ियां खरीदकर लाया। 13 अक्टूबर की रात मकान की खुली छत पर टायरों और लकड़ियों के सहारे शव को पूरी तरह जला दिया गया। अगली सुबह बची हुई हड्डियों, राख और कोयले को समेटकर पास बहने वाली कोठारी नदी में बहा दिया गया। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से कोठारी नदी से अब तक 40 से अधिक हड्डियों के टुकड़े बरामद कर लिए हैं। वहीं, छत पर आग के काले निशानों को छुपाने के लिए आरोपियों ने उस हिस्से पर सीमेंट का घोल डालकर दोबारा प्लास्टर भी करवा दिया था। इसके बाद हत्या की जगह पर ही 40 दोस्तों की दावत रखी गई, जिसमें परोसे गए मांस की खरीद-फरोख्त की अब पुलिस गहराई से छानबीन कर रही है।
बुजुर्ग महिला के घर न लौटने पर परिजनों ने 15 अक्टूबर को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। पुलिस ने जब इलाके के सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की, तो कमलादेवी और रवि तापड़िया एक साथ जाते नजर आए। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर जब रवि से कड़ाई से पूछताछ की गई, तो उसने सारा सच उगल दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी रवि तापड़िया, उसके साथी हीरा सिंधी और आर्यन दाधीच उर्फ चूचा को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि वारदात में शामिल रवि का भतीजा कालू तापड़िया अभी फरार चल रहा है। इधर, घनी आबादी वाली आरके कॉलोनी के पड़ोसी हैरान हैं कि रिहायशी इलाके में छत पर शव जलता रहा और किसी को धुएं, आग या बदबू तक की भनक नहीं लगी, जिसे लेकर पुलिस हर एंगल से जांच आगे बढ़ा रही है।