जयपुर में फिल्मी अंदाज में मर्डर: फॉर्च्यूनर को कैंपर से टक्कर मारी, हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को सिर में कुल्हाड़ी घोंपकर उतारा मौत के घाट
राजधानी जयपुर के करधनी थाना इलाके में बुधवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई, जहां जोबनेर के हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया को बीच सड़क घेरकर बेदर्दी से मार डाला गया। जगदंबा नगर में फिल्मी अंदाज में हुई इस खूनी भिड़ंत में कैंपर गाड़ी सवार हथियारबंद बदमाशों ने पहले बाजिया की टोयोटा फॉर्च्यूनर को जोरदार टक्कर मारकर रुकने पर मजबूर किया और फिर उसे गाड़ी से घसीटकर लोहे की रॉड, डंडों और कुल्हाड़ी से हमला कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात की वीभत्सता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि मौके पर लहूलुहान पड़े मृतक के सिर में कुल्हाड़ी धंसी हुई मिली।
डीसीपी (वेस्ट) प्रशांत किरण के अनुसार, जोबनेर थाने का हिस्ट्रीशीटर विजय बाजिया रात करीब 8 बजे जोबनेर से जयपुर की तरफ आ रहा था। तभी जगदंबा नगर में पहले से घात लगाए बैठे 4 से 6 हमलावरों ने उसका पीछा शुरू किया। बाजिया ने जान बचाने के लिए रिहायशी कॉलोनियों की गलियों में गाड़ी दौड़ाई, लेकिन हमलावरों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और अपनी कैंपर से फॉर्च्यूनर को सीधी टक्कर मार दी। इसके बाद बदमाशों ने उसे बाहर खींचकर अंधाधुंध वार किए, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
शुरुआती पुलिस जांच में सामने आया है कि हमलावर भी जोबनेर क्षेत्र के ही रहने वाले हैं और दोनों गुटों के बीच किसी पुराने आपराधिक मुकदमे को लेकर रंजिश चली आ रही थी। विरोधी पक्ष पिछले कई दिनों से बाजिया की रेकी कर रहा था और मौका मिलते ही इस खूनी वारदात को अंजाम दे दिया। स्थानीय लोग इसे सीधे तौर पर गैंगवार से जोड़कर देख रहे हैं, हालांकि पुलिस प्रशासन मामले की गहन तफ्तीश के बाद ही स्पष्ट वजह सामने आने की बात कह रहा है।
वारदात की सूचना मिलते ही करधनी थाना पुलिस भारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंची और शव को कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। हत्याकांड के बाद पूरे जयपुर शहर में नाकाबंदी कर दी गई है और फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की कई स्पेशल टीमें संभावित ठिकानों पर ताबड़तोड़ दबिश दे रही हैं। पुलिस अफसरों का दावा है कि आरोपियों की पहचान लगभग कर ली गई है और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।