11वीं पास बना MD डॉक्टर, लखनऊ से भी गिरफ्तारी; यूपी में 41 फर्जी आयुर्वेद डॉक्टर बेनकाब
राजस्थान के जयपुर में स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप ने चार राज्यों में फैले एक बड़े फर्जी मेडिकल डिग्री रैकेट का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को दबोचा है। जांच में सामने आया है कि यह गिरोह लाखों रुपये लेकर फर्जी एमबीबीएस, एमडी, गायनेकोलॉजी और डीएमआरडी की डिग्रियां बनाता था और उन्हें यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर अपलोड कराने के बाद मेडिकल काउंसिल में रजिस्ट्रेशन तक करवा देता था। हैरानी की बात यह है कि एसओजी ने 11वीं पास रामकिशोर महावर को गिरफ्तार किया है, जो नकली एमबीबीएस और एमडी डिग्री के सहारे दिल्ली के अस्पतालों में बतौर डॉक्टर प्रैक्टिस कर रहा था।
इस पूरे नेटवर्क में शामिल चार मुख्य आरोपियों की धरपकड़ के दौरान एसओजी ने मुंबई से सत्यजीत पानीग्रही को गिरफ्तार किया, जो ग्राहकों से संपर्क कर फर्जी डिग्रियों का सौदा करता था। वहीं मनीष मांजी फर्जी मार्कशीट, डिग्रियां और डिप्लोमा तैयार करने का काम करता था, जबकि उत्तर प्रदेश के लखनऊ से गिरफ्तार खुर्रम तौफीक इन नकली डिग्रियों को संबंधित यूनिवर्सिटी की वेबसाइट पर ऑनलाइन अपलोड करता था। जांचकर्ताओं के मुताबिक यह पूरा रैकेट फेसबुक और व्हाट्सएप के जरिए संचालित हो रहा था और एमबीबीएस व एमडी की डिग्रियां करीब 5.5 लाख रुपये में बेची जा रही थीं।
पुलिस पड़ताल में सामने आया कि फर्जी मेडिकल डिग्री का यह मॉड्यूल तीन स्तरों पर काम कर रहा था। पहले स्तर पर सत्यजीत पानीग्रही ग्राहकों की मांग के मुताबिक डील पक्की करता था। दूसरे स्तर पर मनीष मांजी नकली मार्कशीट व प्रमाणपत्र बनाकर व्हाट्सएप पर भेजता था और जरूरत पड़ने पर प्रिंटेड दस्तावेज कूरियर के जरिए भी पहुंचाए जाते थे। तीसरे और बेहद अहम स्तर पर फर्जी डिग्री को यूनिवर्सिटी के पोर्टल पर ऑनलाइन चढ़ाया जाता था ताकि सत्यापन के दौरान वह असली नजर आए।
दूसरी तरफ उत्तर प्रदेश में भी फर्जीवाड़े का बड़ा मामला सामने आया है, जहां अधिकारियों ने नकली शैक्षणिक दस्तावेजों के आधार पर प्रैक्टिस कर रहे 41 संदिग्ध आयुर्वेद डॉक्टरों का पता लगाया है। जांच के अनुसार इन लोगों ने फर्जी बीएएमएस मार्कशीट, इंटर्नशिप प्रमाणपत्र, डिग्री और अनापत्ति प्रमाणपत्र के सहारे आयुर्वेदिक और यूनानी तिब्बी मेडिसिन बोर्ड में अपना पंजीकरण कराया था। शुरुआती जांच में सामने आया है कि इन 41 डॉक्टरों के पास श्री कृष्णा गवर्नमेंट आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज कुरुक्षेत्र और पंडित भगवत दयाल यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज रोहतक के नाम से बने फर्जी बीएएमएस दस्तावेज तथा इंडियन मेडिकल काउंसिल ऑफ हरियाणा के नाम पर फर्जी एनओसी मिले हैं, जिनके जरिए वे मेडिकल प्रैक्टिस कर रहे थे।