ट्रेनों में नकली पानी बेचने वालों पर रेलवे का कड़ा एक्शन: पाली मारवाड़ में 240 बोतलें जब्त

ट्रेनों में नकली पानी बेचने वालों पर रेलवे का कड़ा एक्शन: पाली मारवाड़ में 240 बोतलें जब्त

ट्रेनों में यात्रा कर रहे यात्रियों को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने तथा अवैध वेंडिंग पर नकेल कसने के उद्देश्य से उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने विशेष जांच अभियान चलाया।

मंडल रेल प्रबंधक (DRM) अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन और वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक (Sr. DCM) हितेश यादव के नेतृत्व में चलाए गए इस सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक ही दिन में गैर-मानक और अप्रमाणित ब्रांड के पानी की 240 बोतलें जब्त की गईं। इसके साथ ही ट्रेनों में बिना अनुमति खाद्य-पेय पदार्थ बेच रहे 5 अनधिकृत वेंडरों को दबोचकर उनसे ₹4,625 का जुर्माना वसूला गया।

पाली मारवाड़ स्टेशन पर ट्रेनों में छापा: ‘यस’ और ‘वेलकम’ ब्रांड का नकली पानी बरामद

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि विशेष टिकट एवं खानपान जांच (TSV) के तहत पाली मारवाड़ रेलवे स्टेशन पर ट्रेन संख्या 12479 (सूर्यनगरी एक्सप्रेस) की औचक जांच की गई। इस दौरान यात्रियों को बेचने के लिए रखी गई 'यस' (Yes) ब्रांड की 192 अप्रमाणित पानी की बोतलें बरामद कर जब्त की गईं। इसके तुरंत बाद इसी स्टेशन पर ट्रेन संख्या 19404 (साबरमती एक्सप्रेस) की तलाशी ली गई, जहां से 'वेलकम' (Welcome) ब्रांड की 48 अवैध पानी की बोतलें पकड़ी गईं। रेलवे द्वारा केवल अधिकृत 'रेल नीर' या अनुमोदित ब्रांड्स की बिक्री की अनुमति है, जबकि ये दोनों ब्रांड मानकों पर खरे नहीं थे।

ट्रेन 20485 में पकड़े गए 5 अवैध वेंडर, वसूला गया जुर्माना

अभियान को आगे बढ़ाते हुए रेलवे की टीम ने ट्रेन संख्या 20485 में भी सघन जांच अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान ट्रेन में बिना किसी वैध लाइसेंस या अनुमति के अवैध रूप से खाद्य व पेय सामग्री बेचते हुए 5 अनधिकृत वेंडरों को रंगे हाथ पकड़ा गया। रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए इन सभी वेंडरों से कुल ₹4,625 का जुर्माना वसूला गया और सख्त चेतावनी दी गई।

Latest Posts