खाटू श्याम जी के दर्शन करने जा रहे 5 दोस्तों की दर्दनाक मौत, राजगढ़ में डैम में गिरी अनियंत्रित कार

खाटू श्याम जी के दर्शन करने जा रहे 5 दोस्तों की दर्दनाक मौत, राजगढ़ में डैम में गिरी अनियंत्रित कार

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार दोपहर एक बड़ा और दर्दनाक हादसा सामने आया है। खाटू श्याम मंदिर दर्शन के लिए जा रहे पांच दोस्तों की तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित डैम में जा गिरी। पानी में कार के पूरी तरह डूब जाने से उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में मातम छा गया।

खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे दोस्त, भीलखेड़ी जोड़ के पास हुआ हादसा

खुजनेर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शाजापुर जिले के पड़ोसी गांव अरंडिया खुर्द और अरंडिया के रहने वाले पांच दोस्त शनिवार सुबह करीब आठ बजे अपनी स्विफ्ट कार से राजस्थान स्थित बाबा खाटू श्याम जी के दर्शन के लिए निकले थे। दोपहर के समय जैसे ही उनकी कार राजगढ़ जिले के भीलखेड़ी जोड़ के पास पहुंची, तभी तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे सड़क किनारे बने गहरे डैम (तालाब) में जा गिरी।

क्रेन की मदद से निकाली गई कार, पांचों शव बरामद

हादसा होते ही मौके पर हड़कंप मच गया और चीख-पुकार सुनकर आसपास के स्थानीय ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से पानी में गहराई तक डूबी कार को बाहर निकाला गया। जब कार के दरवाजे खोले गए, तो उसमें मौजूद पांचों दोस्तों के शव बरामद हुए।

मृतकों में दो चचेरे भाई शामिल, परिजनों में पसरा सन्नाटा

खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर ने बताया कि कार से बरामद सभी पांचों शवों की शिनाख्त कर ली गई है। मृतकों की पहचान गोविंद तिवारी (55 वर्ष), कमल किशोर तिवारी (57 वर्ष) व शंकर नाथ (58 वर्ष)—तीनों निवासी ग्राम अरंडिया खुर्द, तथा अरविंद वर्मा (48 वर्ष) और रोहित पटेल (40 वर्ष)—दोनों निवासी ग्राम अरंडिया के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, मृतकों में शामिल गोविंद तिवारी और कमल किशोर तिवारी आपस में चचेरे भाई थे। एक साथ गांव के पांच लोगों की मौत की खबर पहुंचते ही अरंडिया और अरंडिया खुर्द गांव में कोहराम मच गया।

Latest Posts