img

Up Kiran, Digital Desk: मनोरंजन जगत को शनिवार की रात एक गहरा झटका तब लगा, जब मशहूर मॉडल और अभिनेत्री शेफाली जरीवाला के अचानक निधन की खबर सामने आई। 42 वर्षीय शेफाली को अंधेरी स्थित अपने घर में मृत पाया गया। शुरुआती अटकलों में हार्ट अटैक की बात कही जा रही थी, लेकिन पुलिस ने साफ कर दिया है कि मौत का असली कारण फिलहाल पुष्टि नहीं हो सका है।

रात 1 बजे पुलिस को मिली सूचना

जांच अफसरों के मुताबिक, उन्हें देर रात करीब 1 बजे जानकारी दी गई कि एक महिला को अस्पताल ले जाया गया है, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फोरेंसिक टीम और जांच अधिकारी मौके पर पहुंचे और घर की गहन जांच की जा रही है। शेफाली के पार्थिव शरीर को पोस्टमार्टम के लिए कूपर अस्पताल भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही असली कारण सामने आने की उम्मीद है।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ चुकी थीं दम

सूत्रों के अनुसार, शेफाली को उनके पति पराग त्यागी और कुछ करीबी लोग बेलेव्यू अस्पताल लेकर गए थे। अस्पताल के कर्मचारियों ने पुष्टि की कि अभिनेत्री को वहां मृत अवस्था में लाया गया था। अस्पताल से बाहर निकलते वक्त पराग त्यागी भावुक और स्तब्ध नजर आए, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

पहली बार सोशल मीडिया से मिली जानकारी

अभिनेत्री के निधन की खबर सबसे पहले पत्रकार विक्की लालवानी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से साझा की थी। उनकी पोस्ट में लिखा गया, "कांटा लगा गर्ल अब हमारे बीच नहीं रहीं।" इसके बाद प्रशंसकों और मनोरंजन इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।

20 साल की उम्र में मिली थी स्टारडम

शेफाली जरीवाला को पहली बार देशभर में पहचान मिली थी 2000 के दशक की शुरुआत में, जब वे सुपरहिट म्यूजिक वीडियो ‘कांटा लगा’ में नजर आईं। उनके बोल्ड और कॉन्फिडेंट लुक ने उन्हें रातोंरात स्टार बना दिया था। इसके बाद उन्होंने कुछ और म्यूजिक एल्बम और फिल्मों में भी काम किया।

टीवी पर भी उन्होंने खास पहचान बनाई, खासतौर पर अपने पति पराग के साथ रियलिटी शोज़ नच बलिए 5 और नच बलिए 7 में भाग लेकर। इसके अलावा वह बिग बॉस 13 में भी नजर आईं और दर्शकों के बीच एक सशक्त महिला की छवि बनाई।

व्यक्तिगत जीवन की झलक

शेफाली की निजी ज़िंदगी भी चर्चाओं में रही है। उन्होंने पहले हरमीत सिंह से विवाह किया था, लेकिन यह रिश्ता लंबे समय तक नहीं टिक पाया और 2009 में उनका तलाक हो गया। इसके बाद उन्होंने टीवी अभिनेता पराग त्यागी से 2015 में शादी की। दोनों की जोड़ी को छोटे पर्दे पर खासा पसंद किया जाता था।

मौत के कारण पर सस्पेंस बरकरार

फिलहाल शेफाली जरीवाला की मौत की वजह को लेकर कयासों का दौर जारी है। पुलिस मामले की हर कोण से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

--Advertisement--