img

हिमाचल प्रदेश में कल राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान के दौरान कांग्रेस के कुछ विधायकों की क्रॉस वोटिंग के कारण पार्टी के उम्मीदवार को हार का झटका झेलना पड़ा। बताया जा रहा है कि क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायक CM सुखविंदर सिंह सुक्खू से नाराज हैं। इसी तरह सुक्खू सरकार में मंत्री रहे विक्रमादित्य सिंह ने अपने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार पर अनिश्चितता के बादल मंडरा रहे हैं और सरकार गिरने की आशंका जताई जा रही है।

राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार अभिषेक मनु सिंघवी के खिलाफ कांग्रेस विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की और बीजेपी के हर्ष महाजन जीत गए। क्रॉस वोटिंग करने वाले विधायकों ने दिल्ली नेतृत्व को फोन कर बताया कि वे पार्टी के खिलाफ नहीं हैं। इन विधायकों की नाराजगी CM सुखविंदर सिंह सुक्खू से है। पार्टी नेतृत्व पर दबाव डाला जा रहा है कि हिमाचल में सरकार बचाने के लिए CM बदलना होगा। प्रदेश के पूर्व CM वीरभद्र सिंह की पत्नी प्रतिभा सिंह और डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री का गुट पहले से ही सुक्खू के पक्ष में नहीं है। वहीं, पूर्व CM वीरभद्र सिंह के बेटे और मौजूदा मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने राज्य सरकार छोड़ने का फैसला किया है।

विक्रमादित्य सिंह ने अपने इस्तीफे के बाद कहा, "हमने हमेशा कांग्रेस आलाकमान का सम्मान किया है। लेकिन विधायकों द्वारा की गई शिकायतों को नजरअंदाज कर दिया गया। यही वजह है कि हमें राज्यसभा चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। मेरी वफादारी अभी भी पार्टी के साथ है।"
 

--Advertisement--