TMC के हुए यशवंत सिन्हा, केंद्र सरकार व चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप

img

कोलकाता। पश्चिम बंगाल चुनाव से ठीक पहले पूर्व केंद्रीय वित्त मंत्री और भाजपा नेता यशवंत सिन्हा ने शनिवार को तृणमूल कांग्रेस का दामन थाम लिया। सिन्हा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश अभूतपूर्व संकट से जूझ रहा है। लोकतंत्र की ताकत लोकतांत्रिक संस्थाओं में निहित होती है। लें न्यायपालिका समेत ये सभी संस्थाएं अब कमजोर हो गई हैं। चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए सिन्हा ने कहा कि चुनाव आयोग अब स्वतंत्र संस्था नहीं रही गई है।

तृणमूल कांग्रेस में शामिल होने के बाद यशवंत सिन्हा ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कहा कि भाजपा को फायदा पहुंचने के लिए पश्चिम बंगाल में आठ चरणों में मतदान कराने का फैसला मोदी-शाह के नियंत्रण में लिया गया है। चुनाव आयोग के इस फैसले पर सूबे की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने भी सवाल उठाए थे।

यशवंत सिन्हा ने कहा कि विगत दिनों नंदीग्राम में ममता बनर्जी पर हुए हमले के बाद उन्होंने टीएमसी में शामिल होकर ममता का समर्थन करने फैसला किया। मोदी सरकार पर हमला करते हुए पूर्व वित्तमंत्री ने कहा कि अटल जी के समय में भाजपा सर्वसम्मति में विश्वास करती थी लेकिन आज की सरकार कुचलने और जीतने में विश्वास करती है। सिन्हा ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल, बीजू जनता दाल ने भाजपा का साथ छोड़ दिया है। आज बीजेपी के साथ कौन खड़ा है।

पूर्व भाजपा नेता ने दावे के साथ कहा कि ममता बनर्जी की अगुवाई में एक बार फिर से पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार की वापसी होगी पश्चिम बंगाल से पूरे देश में एक संदेश जाना चाहिए कि जो कुछ मोदी और शाह दिल्ली से चला रहे हैं, अब देश उसको बर्दाश्त नहीं करेगा। बताते चलें कि अटल सरकार में वित्त मंत्री रहे यशवंत सिन्हा वर्ष 2014 के बाद से ही मोदी सरकार के प्रखर आलोचक रहे हैं।

Related News