6 ओवर का महामुकाबला! हांगकांग सिक्सेस 2026 में तहलका मचाने उतरेगा अफगानिस्तान, स्क्वॉड घोषित

6 ओवर का महामुकाबला! हांगकांग सिक्सेस 2026 में तहलका मचाने उतरेगा अफगानिस्तान, स्क्वॉड घोषित

रोमांचक और तेजतर्रार क्रिकेट टूर्नामेंट 'हांगकांग सिक्सेस 2026' के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपनी सात सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। टीम की कमान अनुभवी और आक्रामक ऑलराउंडर गुलबदीन नायब को सौंपी गई है। छह खिलाड़ियों वाले इस बेहद रोमांचक प्रारूप का आयोजन 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक हांगकांग के टिन क्वांग रोड रिक्रिएशन ग्राउंड में किया जाएगा।

अफगानिस्तान की इस सात सदस्यीय टीम में कप्तान गुलबदीन नायब के साथ फरमानुल्लाह सफी, इमरान मीर, अब्दुल रहमान, करीम जनत, नांगेयालिया खारोटे और सिदीकुल्लाह पाचा को जगह मिली है। चयनकर्ताओं ने टीम में अंतरराष्ट्रीय अनुभव के साथ-साथ पावर-हिटिंग और ऑलराउंड क्षमता वाले खिलाड़ियों को प्राथमिकता दी है, जो इस छोटे प्रारूप की सबसे बड़ी मांग है। हांगकांग सिक्सेस के अनोखे नियमों के तहत प्रत्येक टीम मैदान पर छह खिलाड़ियों के साथ उतरती है और हर पारी में केवल छह ओवर फेंके जाते हैं, जहां हर गेंद पर आक्रामक बल्लेबाजी, सटीक गेंदबाजी और चुस्त फील्डिंग मैच का पासा पलट सकती है। टूर्नामेंट के लिए अफगानिस्तान को ग्रुप डी में दक्षिण अफ्रीका और ओमान के साथ रखा गया है।

क्रिकेट हांगकांग, चीन के वाणिज्यिक एवं विपणन निदेशक अनुराग भटनागर ने अफगान टीम का स्वागत करते हुए कहा कि अफगानिस्तान ने हमेशा अंतरराष्ट्रीय मंच पर असाधारण ऊर्जा और जुझारूपन का प्रदर्शन किया है। उनकी मौजूदगी से टूर्नामेंट का रोमांच और बढ़ेगा। वैश्विक क्रिकेट प्रशंसकों की नजरें अब इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट पर टिकी हैं, जहां दुनिया भर की शीर्ष टीमें छह ओवर के इस हाई-वोल्टेज घमासान में अपनी आक्रामकता का प्रदर्शन करेंगी।

हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए अफगानिस्तान टीम

गुलबदीन नायब (कप्तान), फरमानुल्लाह सफी, इमरान मीर, अब्दुल रहमान, करीम जनत, नांगेयालिया खारोटे, सदीकुल्लाह पाचा।