सैंडपेपर गेट में ‘पूरी टीम’ शामिल थी! उस्मान ख्वाजा के खुलासे से क्रिकेट जगत में भूचाल

सैंडपेपर गेट में ‘पूरी टीम’ शामिल थी! उस्मान ख्वाजा के खुलासे से क्रिकेट जगत में भूचाल

साल 2018 के चर्चित सैंडपेपर गेट विवाद ने एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भूचाल ला दिया है। पूर्व ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने अपनी नई आत्मकथा में दावा किया है कि दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद से छेड़छाड़ में टीम का हर सदस्य शामिल था। इस सनसनीखेज दावे के बाद जहां मिचेल स्टार्क और पैट कमिंस ने इससे साफ इनकार किया है, वहीं सजा झेल चुके डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट ने ख्वाजा की बात का समर्थन करते हुए कहा कि पूरी टीम को इस बारे में जानकारी थी और सबकी जिम्मेदारी बनती थी।

विवाद के दोबारा तूल पकड़ने के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक स्वतंत्र फोरम बनाने का बड़ा फैसला लिया है, जो इस प्रकरण की नए सिरे से पड़ताल करेगा। खास बात यह है कि इस फोरम में 2017-18 के दौर के खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को अपने अनुभव साझा करने का मौका तो मिलेगा, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के बोर्ड को व्यक्तिगत गवाहियों तक सीधी पहुंच नहीं दी जाएगी। वरिष्ठ स्वतंत्र वकील फियोना मैकलियोड एओ एससी इस फोरम की अगुवाई करेंगी और खिलाड़ी गोपनीय तरीके से अपनी बात रख सकेंगे।

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के चेयरमैन डेविड बून ने फियोना मैकलियोड का आभार जताते हुए कहा कि यह मंच उस दौर के खिलाड़ियों और स्टाफ के लिए सुरक्षित माहौल तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि आठ साल पुराने इस मामले के दोबारा सामने आने से जुड़े लोगों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव को बोर्ड समझता है और उनकी भलाई सर्वोच्च प्राथमिकता है। बून के मुताबिक यह पहल खिलाड़ियों को अपनी बात कहने और क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को सुनने व सीखने का एक अहम अवसर प्रदान करेगी।