वेस्टइंडीज से हार के बाद गिल का फूटा गुस्सा, वर्ल्ड कप से पहले इस बात को लेकर जताई गहरी चिंता
न्यू चंडीगढ़ में खेले गए तीसरे वनडे में वेस्टइंडीज ने भारत को 5 विकेट से हरा दिया। भारत सीरीज क्लीन स्वीप करने से चूक गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने 351 रन बनाए थे। जवाब में विंडीज कप्तान शाई होप ने नाबाद 162 रन बनाकर टीम को जीत दिलाई।
हार के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने डेथ बॉलिंग और लचर फील्डिंग को जिम्मेदार ठहराया।
वर्ल्ड कप से पहले फील्डिंग चिंता का सबब
गिल ने कहा कि पूरी सीरीज में टीम ने छह से सात कैच छोड़े। वर्ल्ड कप से पहले यह अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने फील्डिंग का स्तर सुधारने पर जोर दिया।
गिल के अनुसार, टीम डेथ ओवर्स की रणनीति को लेकर पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी। गेंदबाज यह तय नहीं कर पाए कि उन्हें आक्रामक रुख अपनाना है या रक्षात्मक। विपक्षी टीम के 5-6 विकेट गिरने के बाद फील्ड प्लेसमेंट और बॉलिंग मोड में असमंजस रहा।
सुधार की गुंजाइश
गिल ने माना कि कुछ सकारात्मक पहलुओं के बावजूद कमियों को दूर करना जरूरी है। एक समय मैच भारत के नियंत्रण में था। लेकिन ओस और आखिरी ओवरों में विंडीज बल्लेबाजों ने खेल छीन लिया।
सिर्फ एक रन पर आउट होने को लेकर गिल ने कहा कि जल्दी पवेलियन लौटना निराशाजनक रहा, लेकिन उस गेंद पर वे कुछ खास नहीं कर सकते थे।