अखिलेश यादव की राजनीति में तर्क कम, ताने अधिक; सनातन और सामाजिक सद्भाव पर प्रहार दुर्भाग्यपूर्ण: डॉ. राजेश्वर सिंह
लखनऊ। सरोजनी नगर से भाजपा विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने सपा अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के हालिया सोशल मीडिया बयानों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी भाषा में बढ़ती कटुता और राजनीतिक विमर्श में गिरता स्तर उत्तर प्रदेश की राजनीतिक मर्यादा के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। “पापी”, “दरारजीवी”, “षड्यंत्रकारी” और “दुष्मुखी” जैसे शब्द एक पूर्व मुख्यमंत्री की गरिमा के अनुरूप नहीं हैं।
डॉ. सिंह ने कहा कि किसी कथावाचक से असहमति लोकतांत्रिक अधिकार है, लेकिन ब्रज और अवध में प्रवेश प्रतिबंधित करने की माँग तथा आयोजकों-प्रायोजकों को परिणाम भुगतने की चेतावनी देना असहमति नहीं, धमकी की भाषा है। संतों-साधुओं, सनातन परंपरा और देवी-देवताओं के प्रति सम्मान सभी की जिम्मेदारी है। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं, किसी राजनीतिक दल के चुनावी नारे नहीं। उन्होंने सवाल किया कि रामचरितमानस विवाद के दौरान विवादित टिप्पणी करने वाले नेता को राष्ट्रीय महासचिव किसने बनाया था?
जातीय राजनीति पर डॉ. सिंह ने कहा कि फ़तेहपुर के नौ अधिकारियों की जाति गिनाकर प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा, “मैंने स्वयं शासकीय सेवा में कार्य किया है। अधिकारी की पहचान उसकी जाति से नहीं, बल्कि उसकी संवैधानिक शपथ, निष्पक्षता और कार्यक्षमता से होती है।” उन्होंने UPPSC अध्यक्ष की नियुक्ति को हाईकोर्ट द्वारा निरस्त किए जाने और तत्कालीन भर्तियों में पक्षपात के गंभीर आरोपों का उल्लेख करते हुए कहा कि PDA सामाजिक न्याय से अधिक चुनावी समीकरणों पर केंद्रित दिखाई देता है। सामाजिक न्याय का वास्तविक अर्थ गरीब और योग्य युवाओं को समान अवसर देना है।
SIR पर भ्रम फैलाने को गैर-जिम्मेदाराना बताते हुए डॉ. सिंह ने कहा कि मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण को जमीन, लॉकर, गहने और राशन छिनने से जोड़ना जनता में अनावश्यक भय पैदा करना है। ड्राफ्ट मतदाता सूची में एक से अधिक स्थानों पर दर्ज 25 लाख से अधिक नाम सामने आए हैं। किसी पात्र मतदाता का नाम छूटा है तो उसे जुड़वाने में सहयोग करना चाहिए, न कि भ्रम फैलाना चाहिए।
सपा सरकार के कार्यकाल पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि मुज़फ़्फ़रनगर दंगों में 60 से अधिक लोगों की मृत्यु और 50 हजार से अधिक लोगों के विस्थापन तथा जवाहर बाग कांड में पुलिस अधिकारी की शहादत को प्रदेश भूला नहीं है। दूसरों को कानून-व्यवस्था का पाठ पढ़ाने से पहले अखिलेश यादव को अपने शासनकाल की घटनाओं की जवाबदेही भी स्वीकार करनी चाहिए।
महिला सम्मान के मुद्दे पर डॉ. सिंह ने कहा कि “लड़के हैं, गलती हो जाती है” जैसी टिप्पणी सपा संस्थापक की थी। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में उम्रकैद की सजा पाए पूर्व मंत्री गायत्री प्रजापति के परिवार को टिकट देना और सज़ायाफ़्ता मुख्तार अंसारी के आवास पर जाकर अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक उदाहरण देना सपा की राजनीतिक प्राथमिकताओं पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
डॉ. सिंह ने कहा कि आज प्रदेश के युवाओं को रोजगार, उद्योग और निवेश का रोडमैप चाहिए, न कि जातियों की गिनती और राजनीतिक तुकबंदी। लखनऊ में ब्रह्मोस मिसाइल का उत्पादन शुरू होना और उत्तर प्रदेश डिफेंस कॉरिडोर का विस्तार प्रदेश को रक्षा विनिर्माण के बड़े केंद्र के रूप में स्थापित कर रहा है। उत्तर प्रदेश उद्योग, निवेश, रोजगार और आधुनिक बुनियादी ढाँचे की दिशा में आगे बढ़ रहा है, जबकि विपक्ष अब भी जातीय समीकरणों और अतीत के विवादों में उलझा है।
अंत में डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि लोकतंत्र में सवाल पूछना और सरकार की आलोचना करना विपक्ष का अधिकार एवं दायित्व है, लेकिन राजनीतिक विरोध के नाम पर नफरत फैलाना, समाज को जातियों में बाँटना और आस्था को अपमानित करना उचित नहीं है।
उन्होंने कहा, “अखिलेश यादव जी ने स्वयं लिखा है कि समय से बड़ी किसी की अदालत नहीं होती। बिल्कुल सही। उत्तर प्रदेश 2012-17 का समय देख चुका है और उस दौर का मूल्यांकन भी कर चुका है। प्रदेश का भविष्य कटुता और आरोपों से नहीं, बल्कि विकास, सुशासन और जनसेवा से तय होगा।”