हर मैच में कहर और विकेटों की झड़ी, जानिए कैसे इंग्लैंड में तहलका मचा रहे हैं युजवेंद्र चहल!
भारतीय क्रिकेट टीम से लंबे समय से बाहर चल रहे स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल इन दिनों अपनी घातक गेंदबाजी के चलते निरंतर चर्चा में बने हुए हैं। नेशनल टीम में मौका न मिलने पर चहल ने इंग्लैंड का रुख किया और वहां वनडे कप में अपने शानदार प्रदर्शन से सनसनी मचा दी है। टूर्नामेंट में लगातार विकेट चटकाने के कारण चहल न केवल अपनी टीम के लिए तुरुप का इक्का साबित हो रहे हैं, बल्कि भारतीय टीम में उनकी वापसी की संभावनाएं भी काफी मजबूत होती हुई नजर आ रही हैं।
नॉर्थम्प्टनशायर की ओर से खेल रहे हैं युजवेंद्र चहल
इंग्लैंड में खेले जा रहे वनडे कप में युजवेंद्र चहल नॉर्थम्प्टनशायर (Northamptonshire) की तरफ से मैदान पर उतर रहे हैं। इस सीजन में उन्होंने अपनी फिरकी का जादू बिखेरते हुए अब तक खेले गए 7 मुकाबलों में कुल 15 विकेट अपने नाम कर लिए हैं। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत बेहद शानदार 21 का रहा है और वे महज 27.60 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजों को पवेलियन की राह दिखा रहे हैं। इस दमदार प्रदर्शन की बदौलत वे इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।
हर मैच में बरपा रहे कहर, ऐसा रहा अब तक का सफर
चहल ने टूर्नामेंट के पहले ही मैच में 52 रन देकर 2 विकेट चटकाए थे। इसके बाद दूसरे मैच में 49 रन देकर 2 विकेट, तीसरे मैच में 35 रन पर 1 विकेट और चौथे मुकाबले में 28 रन देकर 1 विकेट हासिल किया। इसके बाद पांचवें मैच में उनकी फिरकी और ज्यादा खतरनाक हो गई और उन्होंने 60 रन खर्च कर 4 बड़े विकेट झटके। फिर अगले मैच में 56 रन देकर 2 शिकार किए और अपने हालिया मुकाबले में उन्होंने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए मात्र 35 रन देकर 3 महत्वपूर्ण विकेट अपने नाम किए। खास बात यह है कि उन्होंने अब तक जितने भी मैच खेले हैं, हर एक मुकाबले में कम से कम एक विकेट जरूर झटका है, जो उनकी निरंतरता को बयां करता है।
लिस्ट-ए टूर्नामेंट में साबित कर रहे अपनी उपयोगिता
आपको बता दें कि इंग्लैंड का वनडे कप एक बेहद प्रतिष्ठित घरेलू टूर्नामेंट है, जिसे आधिकारिक तौर पर लिस्ट-ए क्रिकेट का दर्जा प्राप्त है। यह मुकाबला पूरे 50 ओवर का होता है, जो वनडे इंटरनेशनल फॉर्मेट के बिल्कुल समान है। ऐसे में इस स्तर पर चहल का ऐसा लाजवाब प्रदर्शन यह साबित करता है कि उनकी गेंदबाजी में धार अभी भी बरकरार है और बड़े फॉर्मेट में वे आज भी बेहद असरदार साबित हो सकते हैं।