भारत बनाम न्यूजीलैंड पहला T20I: अर्शदीप सिंह रचेंगे इतिहास, कुलदीप यादव के निशाने पर खास 'शतक'
क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल मैदान पर भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाली पहले T20 मुकाबले में टीम इंडिया न सिर्फ जीत के इरादे से उतरेगी, बल्कि गेंदबाजों के निशाने पर कई ऐतिहासिक रिकॉर्ड भी होंगे। 2026 T20 वर्ल्ड कप फाइनल के बाद पहली बार आमने-सामने आ रही दोनों टीमों के बीच यह भिड़ंत बेहद रोमांचक होने की उम्मीद है, जहां घरेलू मैदान पर कीवी टीम पिछली खिताबी हार का हिसाब चुकता करने के इरादे से उतरेगी।
इस मैच की शुरुआत के साथ ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के नाम एक बड़ा मील का पत्थर दर्ज हो जाएगा, क्योंकि वह अपने T20I करियर का 100वां मुकाबला खेलने मैदान पर उतरेंगे। 145 विकेट लेकर भारत के सबसे सफल T20 गेंदबाज बन चुके अर्शदीप के लिए यह खास उपलब्धि होगी। वहीं दूसरी ओर, चाइनामैन स्पिनर कुलदीप यादव T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में अपने 100 विकेट पूरे करने की दहलीज पर खड़े हैं।
98 विकेट ले चुके कुलदीप को इस खास शतक तक पहुंचने के लिए महज 2 शिकार की दरकार है। अगर वह आज यह कमाल कर देते हैं, तो अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह (126), हार्दिक पांड्या (114) और अक्षर पटेल (113) के बाद 100 T20I विकेट चटकाने वाले पांचवें भारतीय गेंदबाज बन जाएंगे। इसके अलावा चार साल बाद भारतीय टीम में वापसी करने वाले अनुभवी स्विंग गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार पर भी सबकी नजरें रहेंगी, जिन्हें पिछले बारिश से धुले मुकाबले में गेंद थामने का मौका नहीं मिला था और आज वह कीवी बल्लेबाजों के सामने नई गेंद से अपनी धार साबित करना चाहेंगे।