PCB का सबसे बड़ा चाबुक! 20 से घटाकर सिर्फ 8 किए कॉन्ट्रैक्ट, 13 महिला क्रिकेटर्स एक झटके में बाहर

PCB का सबसे बड़ा चाबुक! 20 से घटाकर सिर्फ 8 किए कॉन्ट्रैक्ट, 13 महिला क्रिकेटर्स एक झटके में बाहर

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड यानी पीसीबी ने महिला क्रिकेट टीम के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट को लेकर बड़ा फेरबदल किया है। बोर्ड ने आगामी 2026-27 सीजन के लिए महज 8 महिला खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में जगह दी है, जबकि पिछले सत्र में यह आंकड़ा 20 खिलाड़ियों का था। इस तरह कॉन्ट्रैक्ट सूची में भारी कटौती की गई है। नई सूची में फातिमा सना और सादिया इकबाल को सबसे शीर्ष कैटेगरी A में रखा गया है।

पीसीबी द्वारा जारी नई व्यवस्था के तहत खिलाड़ियों को तीन श्रेणियों में बांटा गया है। कैटेगरी A में फातिमा सना और सादिया इकबाल शामिल हैं। कैटेगरी B में मुनीबा अली सिद्दीकी, नशरा संधू और सिदरा अमीन को जगह मिली है, जबकि कैटेगरी C में आयशा जफर, गुल फिरोजा और सदफ शमास को रखा गया है।

कई खिलाड़ियों के दर्जे में भी बदलाव नजर आया है। बीते सीजन में कैटेगरी A में शामिल रहीं मुनीबा अली और सिदरा अमीन को इस बार कैटेगरी B में खिसका दिया गया है। इसके उलट गुल फिरोजा और सदफ शमास ने कैटेगरी D से तरक्की करते हुए कैटेगरी C में स्थान बनाया है, वहीं आयशा जफर पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट हासिल करने में कामयाब रही हैं।

इस बार 13 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से बाहर का रास्ता दिखाया गया है। बाहर होने वाली खिलाड़ियों में आलिया रियाज, डायना बेग, रमीम शमीम, नजीहा अल्वी, नतालिया परवेज, ओमैमा सोहेल, सिदरा नवाज, सैयदा आरूब शाह, तुबा हसन, उम्म-ए-हानी और वहीदा अख्तर के नाम शामिल हैं। इनके अलावा युवा खिलाड़ी इमान फातिमा और शवाल जुल्फिकार को भी नई लिस्ट में मौका नहीं मिल सका है।

बोर्ड के मुताबिक खिलाड़ियों की श्रेणी तय करते वक्त उनके हालिया प्रदर्शन, फिटनेस स्तर और टीम की भविष्य की जरूरतों को आधार बनाया गया है। यह नए अनुबंध 30 जून 2027 तक लागू रहेंगे। पीसीबी ने यह भी साफ किया है कि अनुबंधित सभी खिलाड़ियों को समय-समय पर फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा और पूरे करार के दौरान तय फिटनेस मानकों को बरकरार रखना अनिवार्य रहेगा।