लॉकडाउन की अफवाहों से हड़कंप, महानगरों से फिर गांव लौट रहे हैं प्रवासी मजदूर

img

लखनऊ। देश में एक बार फिर कोरोना वायरस बेकाबू हो चूका है। पिछले 24 घंटे में देश में कोरोना के 40 हजार से ज्यादा नए मामले आने के साथ ही कुल पॉजिटिव मामलों की संख्या 1.16 करोड़ हो गई है। बढ़ते कोरोना संक्रमण के चलते कई राज्यों में नाइट कर्फ्यू लगा दिया गया है। कुछ राज्यों ने लॉकडाउन की घोषणा की है। इसके साथ ही स्कूलों को एहतियातन बंद कर दिया गया है। इस सब के बीच यूपी समेत पूरे देश में लॉकडाउन की अफवाहें उड़ रहीं हैं। लॉकडाउन की अफवाह के चलते बड़ी तादाद में प्रवासी मजदूर एक बार फिर महानगरों से दोगुना किराया चुकार गांव जाने लगे हैं।

महाराष्ट्र, गुजरात, दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और यूपी समेत देश के सभी महानगरों में रह रहे प्रवासी मजदूरों को बढ़ते कोरोना मामलों के साथ लॉकडाउन का डर फिर से सताने लगा है। लॉकडाउन की अफवाह के चलते प्रवासी मजदूर एक बार फिर से अपने गांव-घर पहुंचने की जददोजहद कर रहे हैं। तमाम मजदूर दोगुना किराया देकर अपने घरों की तरफ निकल रहे हैं। हालांकि स्थानीय प्रशासनप्रवासी मजदूरों को समझाने की कोशिश कर रहा है कि लॉकडाउन नहीं लगेगा, लेकिन पिछले साल लॉकडाउन के दौरान दुश्वारियां झेल चुके प्रवासी मजदूर रुकने को तैयार नहीं है।

यूपी और दिल्ली समेत अन्य राज्यों में होली पर सार्वजानिक आयोजनों पर रोक लगाए जाने के बाद लोगों के मन में लॉकडाउन की आशंकाएं और प्रबल हो गई है। डरे-सहमे प्रवासी मजदूर दोगुने से ज्यादा किराए के साथ भी सफ़र कर रहे हैं। लखनऊ, कानपूर, दिल्ली, समेत अधिकांश बस अड्डों पर भीड़ है। कहा जा रहा है कि कुछ ट्रैवेल अजेंट्स व बस कम्पनी संचालकों ने ज्यादा मुनाफा कमाने के लिए दोबारा लॉकडाउन लगने की अफवाह फैलाई है।

उल्लेखनीय है कि कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के चलते गुजरात सरकार ने अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा और राजकोट जैसे शहरों में नाइट कर्फ्यू लगाया गया है। इसी तरह महाराष्ट्र सरकार ने नागपुर में 31 मार्च लॉकडाउन लगाया है। इसके अलावा पुणे, औरंगाबाद और अमरावती समेत कई जगहों पर नाइट कर्फ्यू लगा हुआ है। पंजाब के लुधियाना, पटियाला, होशियारपुर, जालंधर और फतेहगढ़ साहिब सहित कई शहरों में रात 9 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू है।

कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए यूपी सरकार ने कक्षा एक से आठ तक के सभी निजी और सरकारी स्कूलों को 31 मार्च तक बंद करने का आदेश दिया है। इसके साथ ही जुलूस, कार्यक्रम और सार्वजनिक समारोह के लिए अब प्रशासन की अनुमति जरूर कर दी गई है। इसी तरह मध्य प्रदेश सरकार ने सामाजिक, सांस्कृतिक, धार्मिक और राजनीतिक कार्यक्रमों पर रोक लगा दी है। इससे पहले राज्य के इंदौर, भोपाल और जबलपुर में हर रविवार को लॉकडाउन है।

Related News