घर में स्टॉक कर लें जरूरी चीजें, देश के कई जगहों में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश के बढ़ेगी ठिठुरन

img

नई दिल्ली॥ पूरे देश में मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने वाला है। मौसम जानकारों की मानें तो देश के 10 से अधिक राज्यों में बारिश की आशन्का बनी हुई है। यही नहीं पहाड़ों पर भी बर्फबारी का दौर एक बार फिर जोर पकड़ सकता है। इससे मैदानी क्षेत्रों में सर्द हवाओं के साथ ठण्ड बढ़ेगी।

नॉर्थ इंडिया के अधिक क्षेत्रों में सर्दी का सितम बदस्तूर जारी है। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी विक्षोभ के कारण हल्की से मध्यम बारिश पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में होने का अनुमान है। इससे कई क्षेत्रों में पारा एक बार फिर लुढ़केगा और ठंड बढ़ सकती है।

मौसम विशेषज्ञों की मानें तो पश्चिम विक्षोभ के चलते देश के मध्य क्षेत्रों सहित कई राज्यो में बारिश की आशंका बनी हुई है। इनमें ओडिशा, विदर्भ और पश्चिम बंगाल प्रमुख रूप से शामिल हैं। जबकि मध्य प्रदेश, छत्सीगढ़ और राजस्थान के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदा-बांदी के आसार हैं।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भिन्न-भिन्न जगहों पर तेज हवाओं के साथ गरज और बारिश होने की संभावना है, जिससे एक बार फिर से मौसम में बदलाव होगा। मौसम विभाग के अनुसार, राजधानी दिल्ली में भी मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेगा। यहां मध्यम कोहरे की वजह से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में बदलाव देखने को मिलेगा। न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस और 21 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है, हालांकि आने वाले सप्‍ताह के बाद से सुबह और शाम की गलन में कमी आएगी और ठंड से लोगों को राहत मिलेगी।

पढ़िएःहिंदूवादी नेता रणजीत बच्चन का हत्यारा मुंबई से गिरफ्तार, हो सकता है बड़ा खुलासा

मौसम की सूचना देने वाली निजी संस्था स्काईमेट के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिणी छत्तीसगढ़, ओडिशा और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों के साथ-साथ उत्तरी तटीय आंध्र प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश, जबकि तमिलनाडु और केरल में छिटपुट वर्षा होने की संभावना है।

पूर्वोत्तर राज्यों की बात करें तो अरुणाचल प्रदेश, असम सहित नागालैंड के कुछ इलाकों में बारिश की गतिविधियाँ बढ़ सकती हैं। नॉर्थ इंडिया के पर्वतीय राज्यों और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में अब शुष्क मौसम देखने को मिल सकता है, उत्तर पश्चिमी और मीडिल इंडिया में न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है।

Related News